मोतिहारी: नदी में पलटा यात्रियों से भरा टेंपो, चालक गंभीर, गांव वालों ने पहुंचाया अस्पताल
नदी किनारे पलटे टेम्पो से चालक को निकालते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बंजरिया के सुंदरपुर में सिकरहना नदी के कटाव से जर्जर सड़क पर टेंपो अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया. चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि दो-तीन यात्रियों ने कूदकर जान बचाई. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है.
मोतिहारी न्यूज: बंजरिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में मंगलवार सुबह सिकरहना नदी के कटाव से जर्जर और संकरी हो चुकी सड़क पर बड़ा हादसा हो गया. सुंदरपुर से मोतिहारी जा रहा सवारियों से भरा टेंपो मस्जिद के समीप अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया. हादसे में टेंपो चालक सह स्थानीय निवासी शेख अख्तर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें टेंपो से निकालकर मोतिहारी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो के नदी में पलटते ही उसमें सवार दो-तीन यात्रियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पलटे टेंपो से चालक को बाहर निकाला.
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के समय टेंपो में कम यात्री सवार थे, जिससे बड़ी जनहानि टल गयी. अगर टेंपो में क्षमता के अनुसार अधिक यात्री होते तो हादसा और गंभीर हो सकता था.
नदी कटाव से सड़क बनी खतरनाक

सुंदरपुर को मोतिहारी से जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क पिछले कई वर्षों से सिकरहना नदी के कटाव की समस्या से जूझ रही है. ग्रामीणों के अनुसार सड़क का बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है. इसके कारण सड़क काफी संकरी और जर्जर हो गयी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसके बावजूद अब तक कटाव रोकने और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
ज्ञापन देने के बाद भी नहीं हुई ठोस पहल
जिला परिषद सदस्य तौसीफुर रहमान के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण कई बार सड़क की समस्या को लेकर आवाज उठा चुके हैं. कुछ दिन पहले ही जिप सदस्य ने ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कटाव की समस्या के तत्काल समाधान की मांग की थी.
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत और ज्ञापन के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक स्थल निरीक्षण तक नहीं किया गया. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
हादसे के बाद प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
जिला परिषद सदस्य तौसीफुर रहमान ने घटना पर रोष जताते हुए जिला प्रशासन से दुर्घटनास्थल का अविलंब निरीक्षण कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सिकरहना नदी के कटाव को रोकने, सड़क को सुरक्षित बनाने और भविष्य में हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल ठोस एवं स्थायी कदम उठाने की जरूरत है.
यह भी पढे़ं:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Raj Nikhil
राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









