अब दफ्तरों का चक्कर नहीं, डीही पकड़ी में एक ही जगह मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधा
सहयोग शिविर
भितहा के डीही पकड़ी पंचायत में आयोजित प्रशासनिक सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुआ. इस शिविर के माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक आसान पहुंच मिली. अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया.
West Champaran News: भितहा प्रखंड की डीही पकड़ी पंचायत में मंगलवार को आयोजित प्रशासनिक सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक आसान पहुंच का माध्यम बना. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं की जानकारी दी और संबंधित मामलों के आवेदन प्राप्त किए. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिया गया.

Bhitaha News: पंचायत स्तर पर मिली सरकारी सेवाओं की सुविधा
शिविर की अध्यक्षता मुखिया जितेंद्र बैठा ने की. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार प्रशांत ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए.
राशन कार्ड से प्रधानमंत्री आवास तक योजनाओं की जानकारी
बीडीओ कुमार प्रशांत ने बताया कि शिविर में राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान कल्याण योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. इसके अलावा जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों में भी ग्रामीणों की सहायता की गई.
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत दिलाना और पंचायत स्तर पर ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है.
राजस्व और भूमि मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
अंचलाधिकारी अमरदीप कुमार एवं राजस्व अधिकारी अमरेन्द्र कुमार ने राजस्व और भूमि संबंधी मामलों के पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया. उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की.
शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की उपस्थिति पर जोर
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी किशुनदेव साह ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने अभिभावकों को शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया.
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लिया शिविर का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित आवेदन प्राप्त किए. बीडीओ कुमार प्रशांत ने बताया कि कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: मैट्रिक-इंटर 2027: छूटे विद्यार्थियों को अंतिम मौका, 22 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ होगा रजिस्ट्रेशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









