बगहा: सड़क हादसे के बाद खुला बड़ा राज, कार की डिक्की में शराब और बाइक पर लदा था प्रतिबंधित मांस
घटना स्थल पर पुलिस
नदी थाना क्षेत्र में कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार की डिक्की से शराब और बाइक पर प्रतिबंधित मांस बरामद किया.
Bagaha News: बगहा. नदी थाना क्षेत्र के धनहा-रतवल मुख्य मार्ग पर मंझार भड़रवा दियारे के सामने मंगलवार की दोपहर कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए.
कार-बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत
घटना की सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. वहीं धनहा पुलिस अंचल निरीक्षक रमाकांत तिवारी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू की.
कार की डिक्की से बरामद हुई शराब
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
बाइक पर बोरी में मिला प्रतिबंधित मांस
पुलिस जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर बोरी में प्रतिबंधित मांस लदा मिला. पुलिस ने इसे भी जब्त कर लिया है. हादसे के बाद दुर्घटना के साथ शराब और प्रतिबंधित मांस की बरामदगी का मामला भी जांच के दायरे में आ गया है.
कार चालक गिरफ्तार
नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार कार चालक परसौनी लक्ष्मीपुर, बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है. उसकी पहचान और पते का सत्यापन किया जा रहा है.
मृतक की पहचान नहीं हो सकी
समाचार लिखे जाने तक मृतक बाइक सवार की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस शव की पहचान कराने के साथ दुर्घटना के कारणों और बरामद शराब व प्रतिबंधित मांस से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: मैट्रिक-इंटर 2027: छूटे विद्यार्थियों को अंतिम मौका, 22 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ होगा रजिस्ट्रेशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









