बेतिया में 23 हजार महिलाओं का रोजगार सपना अटका, एनयूएलएम बंद होने से योजना की प्रक्रिया ठप
नगर निगम बेतिया भवन
बेतिया में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हजारों महिलाओं के स्वरोजगार के सपने अधर में हैं. एनयूएलएम बंद होने से 20,224 आवेदन लंबित हैं और महिलाएं सहायता राशि का इंतजार कर रही हैं.
Bettiah News: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत स्वरोजगार का सपना देख रहीं बेतिया नगर निगम क्षेत्र की हजारों महिलाओं की उम्मीदें फिलहाल अधर में हैं. योजना के लिए नगर निगम में कुल 23,102 आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन फरवरी 2026 में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के बंद होने के बाद पूरी प्रक्रिया ठप हो गई. इससे बड़ी संख्या में महिलाएं सहायता राशि और आवेदन की जांच का इंतजार कर रही हैं.
23,102 आवेदन आए, सिर्फ 2,878 की जांच पूरी
नगर निगम सूत्रों के अनुसार 16 फरवरी 2026 तक प्राप्त आवेदनों में से 2,878 महिलाओं के आवेदन की जांच पूरी कर 242 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया था. इन आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए बेतिया प्रखंड जीविका कार्यालय की बीपीएम आरूषी कुमारी को सौंप दिया गया था.
हालांकि, इसके बाद एनयूएलएम बंद होने के कारण योजना की आगे की प्रक्रिया रुक गई.
20,224 आवेदनों की जांच अब भी बाकी
नगर निगम में प्राप्त कुल 23,102 आवेदनों में से 2,878 की जांच पूरी हो चुकी है. ऐसे में अभी 20,224 आवेदन जांच की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं. आवेदन करने वाली महिलाओं का कहना है कि योजना के तहत सहायता मिलने की उम्मीद में उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन अब आगे की प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है.
10 हजार की शुरुआती सहायता भी नहीं मिली
सरकार की ओर से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 2.10 लाख रुपये तक की सहायता देने की घोषणा की गई थी. लेकिन लाभुक महिलाओं को अब तक 10 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि भी नहीं मिली है.
इस कारण कई आवेदक महिलाएं नगर निगम और कलेक्ट्रेट कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं.
4,700 स्वयं सहायता समूह भी प्रभावित
मामला केवल नए आवेदनों तक सीमित नहीं है. एनयूएलएम के तहत संचालित करीब 4,700 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी परेशान हैं. इन समूहों की महिलाओं के समायोजन के साथ करीब 15 सीआरपी सह सामुदायिक साधनसेवी पिछले छह माह के बकाया मानदेय को लेकर भी चिंता में हैं.
एनयूएलएम बंद होने के बाद इनसे जुड़े कार्यों और भुगतान की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
सरकार के निर्देश का इंतजार
जीविका के जिला प्रबंधक आरके निखिल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन इस संबंध में अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि सरकार से निर्देश प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: धूमधाम से मना नागपंचमी और सावन सोमवारी का त्योहार, शिवालयों में जलाभिषेक तो विषहर स्थानों पर नाग पूजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मधुकर मिश्रा
मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









