मोतिहारी : महावीरी झंडा जुलूस में डीजे और भड़काऊ नारे रहेंगे बैन, बंजरिया में प्रशासन अलर्ट
शांति समिति बैठक को संबोधित करते थानाध्यक्ष अमित कुमार, उपस्थित बीडीओ अजय कुमार प्रिंस व अन्य
मोतिहारी के बंजरिया में आगामी महावीरी झंडा जुलूस की शांतिपूर्ण तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट है. जुलूस के दौरान डीजे और भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, वहीं सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य की गई है. अफवाह फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Motihari News: मोतिहारी. आगामी महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बंजरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में बीडीओ अजय कुमार प्रिंस, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जुलूस समितियों के सदस्य एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए. इस दौरान जुलूस के मार्ग, समय-सारणी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
Banjariya News: जुलूस के दौरान डीजे और भड़काऊ नारों पर रोक
बैठक में स्पष्ट किया गया कि महावीरी झंडा जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग और भड़काऊ नारों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने सभी समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक आयोजन संपन्न कराने की अपील की.
सीसीटीवी और स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य
प्रशासन ने सभी जुलूस समितियों को अपने परिसरों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया. साथ ही जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया, ताकि भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
अफवाह फैलाने वालों और हुड़दंगियों पर रहेगी नजर
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने की अपील की गई. हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटने की चेतावनी भी दी गई.
गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने की अपील
बीडीओ अजय कुमार प्रिंस और थानाध्यक्ष अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि बंजरिया अपनी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है. महावीरी झंडा जुलूस को इसी परंपरा और सौहार्द के साथ संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की.
जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
बैठक में जिप सदस्य ई. तौसीफुर रहमान, दीपक कुमार सिंह, अलियास अली, शिवजी प्रसाद, महेंद्र यादव, मुस्लिम मियां, दीपु चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: एमजीसीयू में पत्रकारिता एवं जनसंचार के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम, 20 अगस्त तक प्रवेश का मौका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Raj Nikhil
राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










