स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक ने लिया संकल्प, रक्सौल में मानव तस्करी के खिलाफ गूंजे जागरूकता के नारे

जागरूकता रैली में शामिल लोग
विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस पर रक्सौल के पनटोका गांव में एसएसबी और विभिन्न संस्थाओं ने मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली निकालकर संकल्प लिया।
Raxaul News: विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर रक्सौल में 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के नेतृत्व में मानव तस्करी के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के तहत पनटोका गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के साथ सामाजिक संस्थाओं, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने भाग लिया.
रैली का उद्देश्य लोगों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक करना और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय पर संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना था.
बच्चों के नारों से गूंजा गांव
रैली में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. बच्चों ने "जो मानव व्यापार कराएगा, जेल की हवा खाएगा", "बच्चों की मुस्कान, देश की शान" और "मानव व्यापार मुक्त भारत हमारा संकल्प" जैसे नारों के माध्यम से पूरे गांव में जागरूकता का संदेश दिया.
इस अभियान में मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू), नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ), हरैया थाना, रक्सौल थाना और भारत-नेपाल की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
एसएसबी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनकर कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम केवल सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों से संभव नहीं है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
बाल संरक्षण और हेल्पलाइन की दी जानकारी
प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी ने मानव तस्करी के कारणों, उससे बचाव के उपाय और बाल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि किसी भी बच्चे के शोषण, तस्करी या संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा प्रयास हेल्पलाइन 9289692023 पर संपर्क कर तत्काल सहायता ली जा सकती है.
सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम में एसएसबी, एएचटीयू, हरैया और रक्सौल थाना पुलिस, एपीएफ नेपाल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सरपंच, वार्ड सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
मौके पर एसएसबी के इंस्पेक्टर कोमल सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम के सहायक उप निरीक्षक खेमराज, अरविंद द्विवेदी, शालिनी जोशी, कामनी, हरैया थाना की उप निरीक्षक बिट्टू कुमारी, एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन के शिवपूजन कुमार, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर के राज गुप्ता, अभिषेक कुमार, उमेश कुमार श्रीवास्तव, किरण वर्मा, आशीष कुमार, स्वच्छ संस्था के रंजीत सिंह और साबरा खातून सहित कई लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










