weather Update: मधुबनी में 40 डिग्री तापमान के साथ उमस ने छुड़ाए पसीने, मौसम विभाग का अलर्ट

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 03 Jun 2026 5:39 PM

विज्ञापन

मधुबनी में 40 डिग्री तापमान के साथ उमस ने छुड़ाए पसीने, मौसम विभाग का अलर्ट

weather Update: मधुबनी में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा . उमस और 40 डिग्री तापमान के कारण जनजीवन बेहाल है . मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए दोपहर में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है .

विज्ञापन

मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट

weather Update: भीषण गर्मी और लू का रौद्र रूप लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा.चिलचिलाती धूप और गर्म पछुआ हवा (लू) ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है.बढ़ते तापमान और उमस के कारण लोग बेहाल हैं.स्थिति यह है कि दोपहर के समय सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं.

40 डिग्री के पार पारा, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.हालांकि, हवा में भारी उमस के कारण लोगों को 40 डिग्री से भी अधिक की तपिश और बेचैनी महसूस हो रही है.सुबह 9 बजते ही चिलचिलाती धूप लोगों को झुलसाने लगती है.बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग पूरे चेहरे और सिर को सूती कपड़े से ढककर बाहर निकल रहे हैं.दोपहर 12 से 4 बजे के बीच हमेशा व्यस्त रहने वाले मुख्य बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है.

अस्पतालों में बढ़े मरीज, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित

इस भीषण गर्मी और हीटवेव का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है.जिले में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), लू (हीट स्ट्रोक), चक्कर आना और उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं.अस्पतालों में ओपीडी के बाहर मरीजों की कतारें लग रही हैं.चिकित्सकों के अनुसार, इस मौसम में खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि वे लू की चपेट में जल्दी आते हैं.

मौसम विभाग का अलर्ट, बूंदाबांदी की भी उम्मीद

मौसम विभाग ने जिले में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है.मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी का यह सितम जारी रह सकता है.हालांकि, एक राहत भरी खबर यह भी है कि उत्तर और पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और मेघ गर्जन के साथ छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है.

डॉक्टरों ने दी यह जरूरी सलाह

  • हाइड्रेटेड रहें: दिनभर में पर्याप्त पानी पीते रहें . इसके अलावा नींबू पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस (ORS) का घोल लें .
  • धूप से बचें: दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलें . बाहर जाते समय छाता और टोपी का प्रयोग करें .
  • हल्का भोजन: खानपान में ताजा और हल्का भोजन शामिल करें . तरबूज, खरबूजा और खीरा जैसे मौसमी फलों का अधिक सेवन करें .
विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन