मधुबनी: एनएच-27 पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, ऑटो को रौंदा, 12 यात्री घायल

Updated:
विज्ञापन
Madhubani News -fulparas-nh-27-lohiya-chowk-truck-auto-accident-passengers-injured-darbhanga-refer

दुर्घटनाग्रस्त ऑटो की तस्वीर

Madhubani News: मधुबनी के फुलपरास में लोहिया चौक के पास एनएच-27 पर मिथिला हाट से लौट रही ऑटो में ट्रक ने मारी टक्कर. हादसे में 12 लोग घायल, बच्चों समेत 7 गंभीर मरीज डीएमसीएच दरभंगा रेफर. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Madhubani News: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 (NH-27) पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. फुलपरास थाना क्षेत्र के स्थानीय लोहिया चौक के समीप यात्रियों से खचाखच भरी एक अनियंत्रित ऑटो में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा. इस भीषण दुर्घटना में ऑटो में सवार कुल एक दर्जन (12) यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सात यात्रियों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल दरभंगा (DMCH) रेफर कर दिया है.

मिथिला हाट से घूमकर लौट रहे थे परिवार

हादसे के संदर्भ में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ऑटो में सवार सभी यात्री प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘मिथिला हाट’ (झंझारपुर) से घूमकर वापस अपने घर नरहिया लौट रहे थे. इसी बीच जैसे ही ऑटो एनएच-27 पर फुलपरास लोहिया चौक के पास बने स्पीड ब्रेकर के नजदीक पहुंची, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार धीमी कर दी.

एनएच के स्पीड ब्रेकर पर हुआ हादसा

इसी दौरान पीछे से बेहद तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के वक्त हुई तेज चीख-पुकार और धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार तुरंत मौके पर दौड़े. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ऑटो में फंसे सभी लूल-लहान बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास पहुंचाया.

घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल

अस्पताल प्रशासन से मिली सूची के अनुसार, इस हादसे में तीन अलग-अलग परिवारों के कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनकी आधिकारिक पहचान इस प्रकार की गई है:

  • नरहिया निवासी परिवार: उमेश गुप्ता की पत्नी सुमित्रा कुमारी , उनका पुत्र दिव्यांशु कुमार ,पुत्री नंदनी कुमारी. इसके अलावा सुनील कुमार गुप्ता की पत्नी गीता कुमारी, उनका पुत्र सत्यम कुमार तथा सुनील प्रसाद गुप्ता का पुत्र शिवम कुमार .
  • लक्ष्मीपुर निवासी परिवार: विद्यानंद गुप्ता, उनकी पत्नी शकुंतला देवी तथा उनका पुत्र रौशन कुमार .
  • अन्य क्षेत्रों के निवासी: लौकही थाना क्षेत्र के मनसापुर निवासी कृष्णा कुमार गुप्ता की पत्नी मंकू कुमारी, उनका पुत्र मधुमन कुमार तथा ब्रह्मपुरा निवासी मो. सलीम का पुत्र मोहम्मद एटीम .

डीएमसीएच रेफर मरीज: अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुमित्रा कुमारी, नंदनी कुमारी, गीता कुमारी, शिवम कुमार, सत्यम कुमार, मधुमन कुमार और विद्यानंद गुप्ता को गंभीर आंतरिक और सिर की चोटों के कारण तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) रेफर कर दिया है.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को किया जब्त

हादसे की भयावह सूचना मिलते ही फुलपरास थाने की पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने एनएच पर लगे जाम को हटवाया और सड़क के बीचो-बीच पलटी दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया.

फरार ट्रक की तलाश जारी

इसके बाद थाना पुलिस ने अनुमंडलीय अस्पताल का रुख किया, जहां उन्होंने भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली तथा उनका हालचाल जाना. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक को चिन्हित करने के लिए हाईवे पर लगे विभिन्न ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं. मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन