Madhubani News: मधुबनी में वार्ड सदस्य के पति की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, गड्ढे में फेंकी लाश
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 03 Jun 2026 7:54 PM
मधुबनी में वार्ड सदस्य के पति की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, गड्ढे में फेंकी लाश
Madhubani News: मधुबनी के कलुआही में वार्ड सदस्य के पति जयशंकर यादव की अपराधियों ने चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी . शव को गड्ढे में फेंक दिया और ट्रैक्टर खेत में छोड़ भागे.पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर से रमण कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिला के कलुआही थाना क्षेत्र अंतर्गत कलिकापुर पंचायत में मंगलवार की रात अपराधियों ने एक वार्ड सदस्य के पति की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी.हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को गांव के ही एक बधार स्थित डबरा (जलजमाव वाले गड्ढे) में फेंक दिया गया.बुधवार को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
रात में ट्रैक्टर लेकर निकले थे जयशंकर, सुबह तैरता मिला शव
मृतक की पहचान कलिकापुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 की वार्ड सदस्या सुनीता देवी के पति जयशंकर यादव के रूप में हुई है.जयशंकर ट्रैक्टर चालक थे और बालू ढुलाई का कार्य करते थे.परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे वे ट्रैक्टर लेकर खजौली की ओर बालू लाने के लिए निकले थे.बुधवार सुबह जब वे घर नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई.इसी बीच सुबह करीब 11 बजे एक चरवाहे ने कलिकापुर-खजौली मुख्य सड़क पर बुढ़वा गाछी के निकट डबरा में एक शव तैरते देखा.शोर मचने पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान जयशंकर के रूप में हुई.
शरीर पर मिले गहरे जख्म, खेत से बरामद हुआ ट्रैक्टर
मृतक के शरीर पर धारदार हथियार और चाकू से वार के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों ने बेरहमी से घटना को अंजाम दिया.सूचना मिलते ही कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं.इसके बाद खजौली की एसडीपीओ कामिनी कौशल और फॉरेंसिक (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.पुलिस ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक खेत से मृतक का ट्रैक्टर भी बरामद किया है.
एसडीपीओ कामिनी कौशल ने बताया कि अपराधियों ने रास्ते में रोककर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है.पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के आवेदन के आधार पर जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










