Madhubani News : आपकी पूंजी आपका अधिकार कार्यक्रम के लिए जागरूकता शिविर आयोजित
Published by : GAJENDRA KUMAR Updated At : 19 Dec 2025 10:19 PM
भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग व रिजर्व बैंक के तत्वावधान में शुक्रवार को राष्ट्रीय अभियान आपकी पूंजी, आपका अधिकार कार्यक्रम के तहत समाहरणालय सभागार में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.
मधुबनी. भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग व रिजर्व बैंक के तत्वावधान में शुक्रवार को राष्ट्रीय अभियान आपकी पूंजी, आपका अधिकार कार्यक्रम के तहत समाहरणालय सभागार में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. मौके पर जिलाधिकारी, आनंद शर्मा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विभिन्न बैंकों में 3.48 लाख खातों में निष्क्रिय पड़े 93.94 करोड़ रुपये के वित्तीय संपत्तियों को उनके वास्तविक खाताधारकों तक वापस पहुंचाना है. ये वैसे खाते हैं जिनमें 10 वर्ष या उससे अधिक समय तक कोई लेन-देन नहीं हो पाया है. जो वित्तीय संस्थानों में बिना दावे के पड़े हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान काफी सराहनीय है. इस अभियान को 31 दिसंबर के बाद भी जारी रखा जाए. उन्होंने सभी बैंकों से अनुरोध किया कि ऐसे सभी ग्राहकों से संपर्क कर आरबीआई के माध्यम से उनकी शत प्रतिशत राशि दिलाना सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी ने इस जागरूकता अभियान के संबंध में सभी को बैंकों को अपने ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से गांव-गांव में प्रचारित करने का निर्देश दिया. साथ ही रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अधिकृत सीएफएल ग्राम साथी के प्रतिनिधि भी इसमें सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि खाताधारियों में सबसे अधिक राशि 29.30 करोड़ रुपये भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं को में पड़ी है. वहीं सबसे अधिक ग्राहकों की संख्या बिहार ग्रामीण बैंक में है. उन्होंने कहा कि अब भारत सरकार के वित्त विभाग द्वारा चलाए जा रहे आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान के तहत बैंकों द्वारा उन खाताधारियों की खोज कर उनके या उनके आश्रितों के खाते में राशि का भुगतान किया जाएगा. अग्रणी जिला प्रबंधक गजेंद्र मोहन झा ने कहा कि इस अभियान के तहत निष्क्रिय खाते की राशि जो कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के डिपोजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड में चली गई है, उसे वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है . अभी इस कैंप के माध्यम से मधुबनी जिले में बैंकों द्वारा 259 खाताधारियों को 3.04 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस की गई है. श्री झा ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल है. यह अभियान 31 दिसम्बर 2025 तक जारी रहेगा. इसके लिए दावे की प्रक्रिया को काफी सहज बनाया गया है .आरबीआई के अधिकारियों द्वारा इस अभियान के संबंध में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी. कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार द्वारा प्रकाशित बुकलेट का विमोचन भी किया. जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न बैंक, नाबार्ड, आरबीआई एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार, प्रभारी पदाधिकारी बैंकिंग शाखा सिम्पा ठाकुर, सिविल सर्जन हरेंद्र कुमार, एलआईसी, पीएफआरडीए, आरबीआई के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे .
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










