एसएच-91 पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

Published by : RAJ KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 5:40 PM

विज्ञापन

दुर्घटना इतनी भयावह थी कि सौरभ कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

कुमारखंड (मधेपुरा)

कुमारखंड थाना क्षेत्र के बिशनपुर बाजार पंचायत स्थित मीरगंज-जदिया एसएच-91 पर थानगाछी चौक के समीप शनिवार की देर भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया.

जानकारी के अनुसार जदिया वार्ड संख्या 10 निवासी सौरभ कुमार अपने साथी साहिल कुमार के साथ अपाचे बाइक (बीआर-50 एबी-2972) से टिकुलिया की ओर से जदिया जा रहे थे. इस दौरान थानगाछी चौक के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि सौरभ कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया. आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है. सूचना मिलते ही कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. इस दौरान पुलिस और कुछ लोगों के बीच कहासुनी तथा हल्की झड़प भी हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे. दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी दूर तक खून बिखर गया था, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. उधर, परिजनों ने शव को पुलिस के हवाले करने से इनकार कर दिया और उसे अपने साथ जदिया स्थित घर ले गए.पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर एवं उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञापन
RAJ KUMAR

लेखक के बारे में

By RAJ KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन