कुमारखंड में गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौली, जनजीवन प्रभावित

Updated:
विज्ञापन
कुमारखंड में गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौली, जनजीवन प्रभावित

घंटों तक बिजली गुल रहना तो कभी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है.

विज्ञापन

कुमारखंड गर्मी की शुरुआत के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन-प्रतिदिन बढ़ते तापमान के बीच बिजली की लगातार कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. कभी घंटों तक बिजली गुल रहना तो कभी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है. खासकर दोपहर और रात के समय बिजली की कमी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है. गृह स्वामियों को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी में पंखा एवं कूलर तक बंद रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों की हालत खराब हो रही है. रात में नींद पूरी नहीं होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है. पानी की समस्या भी बढ़ गई है, क्योंकि मोटर नहीं चल पाने से लोगों को पानी के लिये भी जूझना पड़ रहा है. वहीं किसानों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर है. इस समय खेतों में सिंचाई की जरूरत होती है, लेकिन बिजली की अनियमित्ता के कारण मोटर नहीं चल पा रही है. इससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा बढ़ गया है. डीजल पंप का सहारा लेना महंगा पड़ रहा है, जिससे उनकी लागत बढ़ रही है. छात्रों पर भी इसका गहरा असर देखा जा रहा है. परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पढ़ाई में बाधा आ रही है. रात के समय बिजली नहीं रहने से वे ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई एवं भविष्य प्रभावित हो रहा है. इसके अलावा साइबर कैफे, छोटे उद्योग एवं व्यवसाय भी बिजली संकट से जूझ रहे हैं. बिजली नहीं रहने के कारण इंटरनेट सेवाएं बाधित हो रही हैं, जिससे ऑनलाइन कार्य ठप पड़ जाते हैं. साइबर कैफे संचालकों को ग्राहकों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है, वहीं छोटे उद्योगों का उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी आते ही यह समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया है. लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके. यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है.

विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन