डहरा भित्ता धार पुल का निर्माण एक माह से ठप, बरसात में डायवर्शन डूबने का खतरा, ग्रामीणों ने जताई चिंता

डहरा भित्ता धार पर निर्माणाधीन पुल का बंद पड़ा कार्य एवं आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी डायवर्शन | Prabhat Khabar Network
डहरा भित्ता धार पर बन रहे नए पुल का निर्माण कार्य एक महीने से भी अधिक समय से रुका हुआ है. इसके चलते स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. बरसात में डायवर्शन डूबने से दर्जनों गांवों का संपर्क बाधित होने की आशंका है.
Bridge Construction: उदाकिशुनगंज-शहजादपुर मुख्य मार्ग स्थित डहरा भित्ता धार पर बन रहे नए पुल का निर्माण कार्य पिछले एक माह से अधिक समय से बंद है. निर्माण कार्य रुकने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो बरसात के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है.
एक माह से बंद है निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार वर्षों पुराने जर्जर पुल को तोड़कर उसकी जगह नया पुल बनाया जा रहा है. पुराने पुल को ध्वस्त करने के बाद वाहनों और राहगीरों के लिए अस्थायी डायवर्शन बनाया गया था. लेकिन पिछले एक माह से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं.
बरसात में डायवर्शन डूबने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश होने पर अस्थायी डायवर्शन पर पानी चढ़ सकता है. यदि ऐसा हुआ तो उदाकिशुनगंज, शहजादपुर, खाड़ा, बुधमा, नयानगर, सिंगारपुर सहित दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाएगा. इससे स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी.
दर्जनों गांवों की लाइफलाइन है यह सड़क
Bridge Construction: ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है. प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से उदाकिशुनगंज आते-जाते हैं. पुल निर्माण में हो रही देरी का सीधा असर आम लोगों के दैनिक जीवन और स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने शीघ्र निर्माण की उठाई मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी से अविलंब पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि बरसात को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से भी हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










