जिले में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, पर्याप्त भंडार उपलब्ध-घबराने की नहीं आवश्यकता

उपभोक्ता को दो-तीन दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलती है,
होम डिलीवरी से निर्वाध आपूर्ति सुनिश्चित, पीएनजी गैस को बढ़ावा एवं बैकलॉग समाप्ति की दिशा में तेज प्रयास –
मधेपुरा.
समाहरणालय परिसर स्थित सूचना भवन में मंगलवार आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.
प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले में लगभग चार लाख उपभोक्ता हैं एवं वर्तमान में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया कि गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है, अतः घबराने की आवश्यकता नहीं है. उपभोक्ताओं से अपील की गयी कि वे अनावश्यक रूप से सिलेंडर संग्रह करने के बजाय आवश्यकता अनुसार ही गैस लें.जिले में इंडियन ऑयल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल की कुल 40 गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति की जा रही है. प्रतिदिन औसतन लगभग 4,753 सिलेंडरों की खपत हो रही है. सात अप्रैल 2026 को जिले में 13,492 भरे हुये घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि छह अप्रैल को 2,372 सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की गयी. वर्तमान में वितरकों द्वारा 9,570 सिलेंडरों की मांग की गई है तथा 201 वाणिज्यिक सिलेंडर भी उपलब्ध हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों में होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित है. यदि किसी उपभोक्ता को दो-तीन दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलती है, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06476-222220 पर शिकायत दर्ज करा सकते है. प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि गैस की आपूर्ति सीधे उपभोक्ता के घर तक पहुंचे.
प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.इसके साथ ही जिले में पीएनजी को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अब तक 3,450 पीएनजी कनेक्शन हेतु निबंधन प्राप्त हुये हैं, इनमें से 2,948 घरों में जीआई इंस्टॉलेशन पूर्ण हो चुका है, जो आगामी एक-दो दिनों में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा. शेष 450 कनेक्शन चार्जिंग प्रक्रिया में हैं तथा लगभग 800 कनेक्शन शीघ्र सक्रिय होने के लिए तैयार हैं, जिन्हें इस सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिया जायेगा.
अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती है, इसलिये उपभोक्ताओं से इसका अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई है. इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कार्यालय, घोष लेन पथ, वार्ड संख्या-20, नगर परिषद मधेपुरा में संपर्क कर सकते हैं. जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि एलपीजी बैकलॉग को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की निर्भरता या विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो. अंत में जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग, संयम एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील की है, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी एवं निर्वाध बनी रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




