सिंहेश्वर में अंतिम चरण में पहुंची श्रावणी मेला की तैयारी, डीएम ने किया व्यापक निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान डीएम सहित अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

निरीक्षण के दौरान डीएम सहित अन्य लोग | Prabhat Khabar Network

30 जुलाई से शुरू होने वाले सिंहेश्वर राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने व्यापक निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. मेले में बेहतर व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया है.

विज्ञापन

Shravani Mela: मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. गुरुवार को जिलाधिकारी सह सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अभिषेक रंजन ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मंदिर परिसर और धर्मशालाओं का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर के बाहरी एवं भीतरी परिसर के अलावा शिवगंगा, प्रतिमा सिंह धर्मशाला, आस्था भवन, राजकिशोर सिंह धर्मशाला, कम्युनिटी हॉल और सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, विश्राम स्थल, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. इस दौरान जानकारी दी गई कि सावन में श्रद्धालु अर्घा से जलार्पण कर सकेंगे.

सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में चौबीसों घंटे स्वच्छता बनाए रखने के लिए पालीवार सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया. नगर पंचायत कर्मियों को चिन्हित गंदे स्थानों की तत्काल सफाई कराने को कहा गया. वहीं ओएसडी को प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थल पर जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मंदिर न्यास के प्रबंधक भवेश कुमार को सभी धर्मशालाओं के शौचालयों की मरम्मत कराने तथा शिवगंगा की टूटी बैरिकेडिंग दुरुस्त करने और शेष हिस्सों में नई बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए.

वाटरप्रूफ पंडाल और मजबूत होगी बैरिकेडिंग

डीएम ने भवन प्रमंडल को वाटरप्रूफ पंडाल में लगाए गए बांस-बल्लों को और अधिक मजबूत करने का निर्देश दिया. साथ ही श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त मजबूत बैरिकेडिंग लगाने को कहा, ताकि भीड़ प्रबंधन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो.

पेयजल, शौचालय और पार्किंग की होगी बेहतर व्यवस्था

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय, चापाकल एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जहां-जहां नल लगे हैं, उनकी मरम्मत भी कराने को कहा गया. पार्किंग स्थल पर जलजमाव रोकने के लिए राबिश गिराने का भी निर्देश दिया गया.

विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर

पिछले वर्ष शॉर्ट सर्किट की घटना को देखते हुए इस बार विद्युत विभाग को मंदिर परिसर की संपूर्ण वायरिंग की जांच कर उसे पूरी तरह सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि महिला पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था आस्था भवन तथा पुरुष पुलिस बल के लिए सामुदायिक भवन में की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को अन्य धर्मशालाओं में ठहराया जाएगा.

अधिकारी और न्यास समिति के सदस्य रहे मौजूद

Shravani Mela: निरीक्षण के दौरान डीडीसी सह सचिव सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति, सदर एसडीएम संतोष कुमार, ओएसडी संतोष कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय सिंह, योग नारायण राय, धीरेन्द्र मंडल, रोशन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विज्ञापन
सुशांत कुमार

लेखक के बारे में

By सुशांत कुमार

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन