नगर परिषद में सफाई टेंडर पर घमासान, पुरानी एजेंसी को एक्सटेंशन देने पर उठे सवाल
नगर परिषद कार्यालय
लखीसराय नगर परिषद में 33 वार्डों की सफाई का टेंडर विवादों में घिर गया है, जहां जारी टेंडर प्रक्रिया को रद्द कर पुरानी एजेंसी को ही दोबारा तीन माह का एक्सटेंशन दे दिया गया है. हर माह 50 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट: नगर परिषद के 33 वार्डों की साफ-सफाई की व्यवस्था एक बार फिर विवादों के घेरे में है. सशक्त स्थाई समिति की हालिया बैठक में लिए गए एक निर्णय ने टेंडर प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. समिति ने नई एजेंसी के चयन के बजाय पुरानी एजेंसी को ही तीन माह के लिए कार्य विस्तार (एक्सटेंशन) दे दिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पहले ही टेंडर जारी कर चुके थे, जिसमें दो बिड (निविदाएं) भी प्राप्त हो चुकी थीं.
गाइडलाइन का हवाला देकर टाला गया नया टेंडर
बैठक में दलील दी गई कि वर्तमान टेंडर प्रक्रिया सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं थी, इसलिए इसे टालना जरूरी है. समिति का तर्क है कि टेंडर की प्रक्रिया जिलाधिकारी (डीएम) स्तर से कराई जानी चाहिए. हालांकि, जानकारों का कहना है कि जब टेंडर प्रक्रिया पहले से ही अंतिम चरण में थी और बिड प्राप्त हो चुके थे, तो गाइडलाइन का हवाला देकर पुरानी एजेंसी को दोबारा काम सौंपना संदेह पैदा करता है.
सफाई के नाम पर हर माह 50 लाख का ‘खेल’
विवाद का सबसे बड़ा पहलू यह है कि पुरानी एजेंसी पिछले एक साल से प्रतिदिन के आधार पर काम कर रही है. नगर परिषद द्वारा शहर की सफाई पर हर महीने 50 लाख रुपये से अधिक की मोटी राशि खर्च की जा रही है. इसके बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही है. कई वार्ड पार्षदों ने खुले तौर पर शिकायत की है कि सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और शहर के कई हिस्सों में कूड़े के अंबार लगे रहते हैं.
डीएम स्तर से गठित होगी कमेटी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि नई टेंडर प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी को पत्राचार किया गया है. जिलाधिकारी द्वारा एक कमेटी गठित की जाएगी, जिसकी देखरेख में पारदर्शी तरीके से टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी. वहीं, इस मामले में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि नगर परिषद से पत्र प्राप्त होते ही कमेटी गठित कर दी जाएगी ताकि नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










