युवक को बंधक बनाने पर भड़के ग्रामीण, एनएच 80 पर 40 मिनट तक लगाया जाम
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 11 May 2026 8:54 AM
सूर्यगढ़ा थाना
लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एक युवक को बंधक बनाए जाने के विरोध में रामपुर यादव टोला के ग्रामीणों ने एनएच 80 को 40 मिनट तक जाम रखा, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया. जहां ग्रामीण युवक पर जबरन घर में घुसने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय ) से राजेश गुप्ता की खबर: सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मानो और रामपुर गांव के बीच रविवार की रात हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. एक युवक को बंधक बनाए जाने के विरोध में रामपुर यादव टोला के ग्रामीणों ने एनएच 80 को करीब 40 मिनट तक जाम रखा. सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
छेड़खानी का आरोप या प्रेम प्रसंग?
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे रामपुर यादव टोला का एक युवक मानो चौक के समीप एक घर में घुसा था. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप था कि युवक जबरन छेड़खानी की नीयत से घर में दाखिल हुआ था, जिसके बाद उसे रंगे हाथ पकड़कर कमरे में बंधक बना लिया गया. वहीं दूसरी ओर, युवक के परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए रामपुर और मानो के बीच सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया.
पुलिस की जांच में सामने आया दूसरा पक्ष
सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसआई नित्यानंद प्रसाद सिंह के नेतृत्व में सूर्यगढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से कुछ देर पहले ही ग्रामीणों ने युवक को मुक्त कर दिया था. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और करीब 9:15 बजे जाम हटवाया. सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है. जांच में यह बात सामने आई है कि युवक को लड़की के द्वारा ही फोन कर बुलाया गया था.
पुलिस कर रही है मामले की पड़ताल
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की गंभीरता से जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की पूरी सच्चाई का पता लगाया जा रहा है कि युवक खुद घर में घुसा था या उसे किसी योजना के तहत बुलाया गया था. पुलिस की दखल के बाद स्थिति नियंत्रण में है और एनएच 80 पर आवागमन सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










