शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ से भक्तिमय हुआ माहौल

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 25 Feb 2026 6:41 PM

विज्ञापन

नगर के वार्ड संख्या छह स्थित राजा रानी ठाकुरबाड़ी में चल रहे पांच दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के तीसरे दिन बुधवार को धार्मिक उत्साह चरम पर रहा

विज्ञापन

बड़हिया नगर के वार्ड संख्या छह स्थित राजा रानी ठाकुरबाड़ी में चल रहे पांच दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के तीसरे दिन बुधवार को धार्मिक उत्साह चरम पर रहा. वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा इलाका आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर दिखा. श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे थे. तीसरे दिन देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का महास्नान, विधिवत पूजन, अग्नि प्रकट एवं हवन प्रारंभ किया गया. संध्या काल में फलाधिवास, पुष्पाधिवास एवं मिष्ठानाधिवास की रस्में पूरी की गयी. आचार्यों के निर्देशन में चल रहे अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया. महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य जलभरी शोभायात्रा एवं मंडप प्रवेश के साथ हुआ था. दूसरे दिन देव आवाहन, मंडप पूजन, जलाधिवास तथा संध्या में अन्नाधिवास का आयोजन किया गया. आयोजन समिति के अनुसार गुरुवार को पूजन-हवन के साथ नगर भ्रमण एवं मूर्ति न्यास की प्रक्रिया संपन्न होगी. शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा. धार्मिक अनुष्ठान में अयोध्या धाम से पधारे स्वामी रंगनाथाचार्य जी महाराज के शिष्य गोपी शर्मा जी आचार्य की भूमिका निभा रहे हैं. वे सपत्निक यजमान शशि कुमार एवं विपिन सिंह को वैदिक विधि-विधान से मार्गदर्शन दे रहे हैं. सह-आचार्य के रूप में अनंत कुमार, प्रियांशु कुमार और ओम कुमार सहयोग कर रहे हैं. इस महायज्ञ में शिवलिंग, माता पार्वती, श्री गणेश, कार्तिकेय, नंदी और महाकाली की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है. आयोजन में काजू कुमार, दिलीप कुमार, राजेश कुमार, संजय सिंह, सुनील कुमार, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भागीदारी देखी गयी. पूरे नगर में श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना हुआ है.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन