लखीसराय में ढाई साल से फाइलों में कैद कसबा का पंचायत सरकार भवन, ग्रामीणों को नहीं मिल रही सुविधाएं

कसबा पंचायत में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन
Lakhisarai news: ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन बनने से एक ही परिसर में विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद थी, लेकिन उनका यह सपना अब तक अधूरा है.
जमाबंदी विवाद में अटका निर्माण कार्य, 12 से 15 किमी दूर प्रखंड मुख्यालय जाने को मजबूर लोग
पीरीबाजार (लखीसराय) से रविराज आनंद की रिपोर्ट:
Lakhisarai news: सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘पंचायत सरकार भवन’ पीरीबाजार थाना क्षेत्र के कसबा पंचायत में विभागीय उदासीनता और कागजी पेच में उलझकर रह गई है. जहां क्षेत्र की अन्य पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो चुके हैं और कई जगहों पर डिजिटल सेवाएं शुरू होने की तैयारी है, वहीं कसबा पंचायत में ढाई साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन बनने से एक ही परिसर में विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद थी, लेकिन उनका यह सपना अब तक अधूरा है.
15 दिसंबर 2023 से अंचल कार्यालय में लंबित है फाइल
स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए 15 दिसंबर 2023 को ही जमीन चिह्नित कर सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर फाइल अंचल कार्यालय को भेज दी गई थी. इसके बावजूद अब तक न तो निर्माण कार्य शुरू हो सका है और न ही फाइल आगे बढ़ पाई है.
प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर ग्रामीण
पंचायत में फिलहाल आरटीपीएस काउंटर संचालित है, लेकिन वहां सीमित सेवाएं ही उपलब्ध हैं. पंचायत सरकार भवन नहीं होने के कारण राशन कार्ड में सुधार, राजस्व संबंधी कार्य, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र समेत कई जरूरी कार्यों के लिए लोगों को 12 से 15 किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है.
जमाबंदी नहीं होने से अटका मामला
मामले पर सूर्यगढ़ा के अंचलाधिकारी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि पंचायत सरकार भवन के लिए जिस भूमि का चयन किया गया है, उसकी जमाबंदी तकनीकी रूप से कायम नहीं है. उन्होंने कहा कि केस रिकॉर्ड तैयार कर लिया गया है और जल्द ही जमाबंदी की प्रक्रिया पूरी कर फाइल को आगे बढ़ाया जाएगा.
आश्वासन से नाराज ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से लंबे समय से ‘जल्द’ निर्माण कार्य शुरू होने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन ढाई साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है. लोगों का सवाल है कि कुछ महीनों में पूरा होने वाला काम वर्षों से फाइलों में क्यों अटका हुआ है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले का शीघ्र समाधान कराने और पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










