हल्की बारिश में ही तालाब बना स्कूल, पठन-पाठन बाधित

Updated:
विज्ञापन
विद्यालय एवं वर्ग कक्षा में जलजमाव की स्थिति | Prabhat Khabar Network

विद्यालय एवं वर्ग कक्षा में जलजमाव की स्थिति | Prabhat Khabar Network

हलसी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जलजमाव से पढ़ाई ठप। ग्रामीणों ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण की मांग की है।

विज्ञापन

हलसी (लखीसराय). हलसी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शेखपुरवा हल्की बारिश में ही तालाब बन गया. सोमवार को विद्यालय परिसर और सभी कक्षाओं में घुटने भर पानी जमा होने से पठन-पाठन पूरी तरह बाधित रहा. छात्रों और शिक्षकों को परिसर में आने-जाने में भारी परेशानी हुई. प्रधानाध्यापक दिलीप शर्मा ने बताया कि विद्यालय में नाला नहीं होने से यह स्थिति बनती है. पहले खेल मैदान से पानी की निकासी हो जाती थी, लेकिन मैदान का निर्माण होने के बाद जल निकासी पूरी तरह बंद हो गई है. तत्काल पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है.


सीओ से अतिक्रमण की शिकायत की

इधर, जलजमाव के स्थायी समाधान को लेकर प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र राय ने पहल की है. उन्होंने बताया कि विद्यालय के पीछे 90 डिसमिल गैरमजरुआ मालिक जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है. इसे मुक्त कराने के लिए अंचल अधिकारी संजीव कुमार राय और एसडीएम प्रभाकर कुमार को लिखित शिकायत दी गई है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने पर वहां नाला और रास्ते का निर्माण हो सकता है, जिससे जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो जायेगा. इस मुद्दे को कई बार बैठक में भी उठाया गया, पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.


जलजमाव की मिली है सूचना : बीईओ

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एजाज आलम ने बताया कि जलजमाव की सूचना मिली है. फिलहाल पठन-पाठन स्थगित कर विद्यालय को खुला रखा गया है और पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रधानाध्यापक ने इस समस्या की जानकारी विभाग को नहीं दी थी, इसको लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन