केआरके हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
फोटो- कार्यक्रम में शामिल स्कूली बच्चे | Prabhat Khabar Network
लखीसराय के केआरके हाई स्कूल में साइबर थाना द्वारा एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान चलाया गया. छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों, ओटीपी सुरक्षा और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के व्यावहारिक उपाय बताए गए.
Lakhisarai Cyber Awareness: लखीसराय. साइबर थाना लखीसराय की ओर से मंगलवार को केआरके हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया. अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन सुरक्षा और ठगी से बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई.
ऑनलाइन ठगी के तरीकों से कराया गया अवगत
साइबर थाना के इंस्पेक्टर अजय कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अन्नु कुमारी एवं कांस्टेबल विपीन कुमार ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, ओटीपी के जरिए होने वाले फ्रॉड और साइबर ठगी वाले लिंक से होने वाले नुकसान के बारे में बताया. पुलिस ने विद्यार्थियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि में सावधानी बरतने की सलाह दी.
ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने की अपील
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देनी चाहिए. किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की भी सलाह दी गई.
सोशल मीडिया पर भी सतर्क रहने की सलाह
अभियान के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें और निजी तस्वीर, दस्तावेज या संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें.
साइबर अपराध होने पर तुरंत दें सूचना
Lakhisarai Cyber Awareness: पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि वे या उनके परिवार का कोई सदस्य साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देर किए पुलिस को सूचना दें. समय पर शिकायत मिलने से साइबर अपराध की जांच और आवश्यक कार्रवाई में मदद मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजेश गुप्ता
राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










