कड़ी धूप और उमस से लोग परेशान, केवीके वैज्ञानिकों ने किसानों को सिंचाई और पटवन की दी सलाह
सुबह से ही निकली कड़ी धूप | Prabhat Khabar Network
लखीसराय जिले में उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. इस बीच, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है. जानें धान और सब्जी की खेती को लेकर क्या है यह खास सुझाव.
लखीसराय जिले में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच कड़क धूप निकलने से लोगों को भारी उमस और चिपचिपाहट भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मंगलवार की सुबह भी तीखी धूप के साथ शुरू हुई, जिससे तापमान में तो सामान्य स्थिति है, लेकिन उमस ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रखा है.
बारिश का पैटर्न बरकरार, पर कम वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 11 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश वाला पैटर्न बना हुआ है. इस दौरान हवा धीमी गति से चलेगी और दिन में किसी भी समय हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है. मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है. हालांकि, बादलों के बावजूद तेज धूप के कारण उमस से राहत नहीं मिल पा रही है.
केवीके वैज्ञानिकों की किसानों को महत्वपूर्ण सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) हलसी के वैज्ञानिक सुभाष चंद्र ने बताया कि आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना काफी कम है. इसे देखते हुए उन्होंने धान उत्पादक किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में पानी सूख गया है, वहां फसल को बचाने के लिए नहर, आहर और समरसेबल बोरिंग के जरिए अविलंब पटवन शुरू कर दें, ताकि पौधों को नमी की कमी न हो.
सब्जी की खेती के लिए अनुकूल मौसम
वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान मौसम सब्जियों की खेती के लिए बेहद अनुकूल है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे सब्जी की फसलों में खरपतवार नियंत्रण के लिए निकौनी (निराई-गुड़ाई) करें. इसके साथ ही पौधों के समुचित विकास और बेहतर पैदावार के लिए समय-समय पर आवश्यकतानुसार पोटाश और यूरिया जैसे उर्वरकों का प्रयोग करते रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










