डीएम ने की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

Updated:
विज्ञापन

डीएम ने की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

विज्ञापन

लखीसराय. बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव व प्रतिनिधियों के साथ बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 आदर्श आचार संहिता के पालन हेतु राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गयी. उनके अनुपालन को सुनिश्चित करने की बात कही. डीएम मिश्र ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का प्रचार कार्य, जैसे बैनर, पोस्टर, या अन्य प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित है. सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिया गया कि वे अपने बैनर और पोस्टर स्वयं हटायें. यदि किसी अन्य दल के पोस्टर या प्रचार सामग्री को हटाने की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को देनी होगी. कोई दल स्वयं दूसरे दल के पोस्टर नहीं हटायें. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सार्वजनिक सभाओं, रैलियों, या जुलूसों के आयोजन के लिए संबंधित प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा. जुलूस निकालते समय यातायात नियमों का पालन करना होगा. ऐसी किसी भी सामग्री या गतिविधि से बचना होगा, जो आपत्तिजनक हो या जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़े. इसके अतिरिक्त, किसी भी राजनीतिक दल या उनके प्रत्याशी का पुतला दहन, विरोध प्रदर्शन, या ऐसी गतिविधियां जो प्रतिबंधित हैं, पूर्णतः निषिद्ध रहेगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील किया कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करें. आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें, ताकि लखीसराय में स्वतंत्र, निष्पक्ष, व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से अपील किया कि वे मतदाताओं को जागरूक करने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, एसडीएम प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. ————–

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन