ठाकुरगंज में 14 सितंबर को लगेगा दिव्यांग बच्चों का विशेष जांच शिविर, बनेंगे प्रमाणपत्र
सांकेतिक तस्वीर | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज के मॉडल स्कूल में 14 सितंबर को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष मेडिकल असेसमेंट कैंप लगेगा। यहाँ जांच, प्रमाणिकरण और सहायक उपकरण की सुविधा मिलेगी।
ठाकुरगंज : दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ठाकुरगंज में 14 सितंबर को विशेष चिकित्सा जांच शिविर लगाया जाएगा. शिविर +2 उच्च विद्यालय ठाकुरगंज (मॉडल स्कूल) में आयोजित होगा. इसमें 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों की पहचान, चिकित्सकीय जांच और प्रमाणिकरण किया जाएगा.
आपके शहर में
शिविर में बच्चों की दिव्यांगता की जांच के साथ यह भी आकलन किया जाएगा कि उन्हें किस तरह के सहायक उपकरण की आवश्यकता है. जांच के बाद पात्र बच्चों के प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जाएगी, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके.
बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश
शिविर को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य संबंधित अधिकारियों को पोषक क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का जोर अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को शिविर तक पहुंचाने पर है.
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेगी जांच
शिविर के लिए सिविल सर्जन, किशनगंज की ओर से मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाएगा. विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के अनुसार उनकी सेवाएं ली जाएंगी. चिकित्सकीय जांच के बाद दिव्यांगता का प्रमाणिकरण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी.
यूडीआइडी कार्ड बनाने में भी मिलेगी मदद
शिविर में केवल चिकित्सकीय जांच ही नहीं होगी, बल्कि सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पुनर्वास विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे. विशेषज्ञ बच्चों और उनके अभिभावकों को आवश्यक परामर्श देने के साथ यूडीआइडी कार्ड बनाने में सहयोग करेंगे. शिविर स्थल पर पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है.
किशनगंज जिले के सभी प्रखंडों में सितंबर महीने में अलग-अलग तिथियों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे. ठाकुरगंज में 14 सितंबर को होने वाला शिविर इसी अभियान का हिस्सा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








