12 वर्षीय उमर की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, एसपी ने खुद संभाली जांच
घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी | Prabhat Khabar Network
किशनगंज के कोचाधामन में 12 वर्षीय उमर आलम की मौत मामले में एसपी संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से अहम जानकारी जुटाई।
किशनगंज : कोचाधामन थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय उमर आलम की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार बुधवार देर शाम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की दिशा की समीक्षा की. एसपी ने सुंदरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलवर्ट के सामने नहर के समीप घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली.
आपके शहर में
एसपी ने घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच और कार्रवाई की जानकारी ली. उन्होंने घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच करने तथा किसी भी संभावित बिंदु को नजरअंदाज नहीं करने का निर्देश दिया. घटना के कारणों का पता लगाने और मामले से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए तेजी से अनुसंधान करने को कहा.
परिजनों और ग्रामीणों से ली जानकारी
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद एसपी मृतक के गांव सारगोरा पहुंचे. यहां उन्होंने उमर के माता-पिता, परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों की जानकारी ली. ग्रामीणों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया गया.
डॉग स्क्वॉड से जांच कराने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ किशनगंज को डॉग स्क्वॉड के माध्यम से घटनास्थल की जांच कराने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी संभावित कारणों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने को कहा है. पुलिस घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों को जांच की अहम कड़ी मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
एसपी के घटनास्थल निरीक्षण और परिजनों से बातचीत के बाद मामले की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है. पुलिस अधिकारियों को जल्द मामले का उद्भेदन करने और घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








