सोलर प्लांट लगाइए और पाइए 98 हजार तक अनुदान, ऋण प्रक्रिया भी होगी आसान
सांकेतिक तस्वीर | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने पर ₹98 हजार तक का अनुदान पाएं। आवेदन और सब्सिडी की पूरी जानकारी यहाँ देखें।
किशनगंज : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिला स्तर पर बैठक आयोजित की गयी. जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी. सोलर संयंत्र लगाने के इच्छुक उपभोक्ताओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश संबंधित बैंकों को दिया गया.
आपके शहर में
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, विद्युत विभाग के कार्यपालक एवं सहायक अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सोलर छत संयंत्र लगाने के लिए ऋण आवेदन के निबटारे में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया.
98 हजार रुपये तक मिलेगा अनुदान
योजना के तहत एक किलोवाट के सोलर संयंत्र पर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान निर्धारित है.
एक किलोवाट संयंत्र पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार और बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा. दो किलोवाट पर केंद्र से 60 हजार और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर केंद्र से 78 हजार और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जायेगा.
बिजली खपत के अनुसार तय होगी संयंत्र की क्षमता
मासिक बिजली खपत के आधार पर सोलर संयंत्र की क्षमता तय करने का सुझाव दिया गया है. 150 यूनिट तक मासिक खपत वाले उपभोक्ता एक से दो किलोवाट, 150 से 300 यूनिट तक खपत वाले उपभोक्ता दो से तीन किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ता तीन किलोवाट से अधिक क्षमता का संयंत्र लगा सकते हैं.
5.75 से सात प्रतिशत ब्याज पर ऋण
योजना के तहत बैंकों से 5.75 प्रतिशत से सात प्रतिशत तक की ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने कहा कि योजना से उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








