आज से गुरुजी की ऑनलाइन बनेगी हाजिरी, इस्तेमाल करेंगे ई-शिक्षाकाेष पोर्टल

मंगलवार से सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग के आदेश पर शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी बनेगी.
किशनगंज/ ठाकुरगंज. मंगलवार से सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग के आदेश पर शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी बनेगी. इसको लेकर जिला शिक्षा विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है. पहले चरण में 25 जून से ऑनलाइन हाजिरी बनाने का कार्य शुरू होगा. इस मामले में शिक्षा विभाग के द्वारा सभी शिक्षकों को कहा गया है कि 24 जून तक उन्हें अपना रजिस्ट्रेशन ई-शिक्षाकाेष पाेर्टल पर कर लेना है. जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा सभी बीइओ को यह जिम्मा दिया गया है कि वे प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर सभी शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन पाेर्टल पर कराना सुनिश्चित करें. वही सभी प्रधानाध्यापक व शिक्षकों को कहा गया है कि वे प्ले स्टाेर से ई-शिक्षाकोष एप अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर लें. इसमें अपनी आइडी की मदद से रजिस्ट्रेशन कर लॉगइन करें. फिलहाल, शिक्षा विभाग के इस आदेश से खासकर स्कूल छोड़कर भागने वाले शिक्षकों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना होगा.
निदेशालय स्तर से की जायेगी निगरानी
शिक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि अब सरकारी स्कूलाें में पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों की हाजिरी एप से बनेगी. इसकी मॉनिटरिंग निदेशालय स्तर से की जाएगी.
दो बार दर्ज करवानी होगी उपस्थिति
शिक्षकों को स्कूल पहुंचने के बाद ई-शिक्षाकाेष पोर्टल के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करवानी होगी. शाम काे छुट्टी हाेने के बाद निकलते समय एप पर मार्क आउट करना हाेगा. यह एप स्कूल परिसर से 500 मीटर के दायरे में ही काम करेगा. इस एप की मदद से शिक्षक के स्कूल पहुंचने और वहां से निकलने के प्रतिदिन की जानकारी निदेशालय को मिल जायेगी. विलंब होने की स्थिति में निदेशालय सीधे कार्रवाई करेगा. सभी शिक्षकों को अनिवार्य रूप से इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इससे मनमाने तरीके से स्कूल आने और जल्दी निकल जाने वाले शिक्षकों पर शिकंजा कसेगा.फोटो के साथ बनेगी हाजिरी
इस एप की खास बात यह है कि स्कूल में प्रवेश करने के समय जब शिक्षक स्कूल इन बटन क्लिक करेंगे तो उसके मोबाइल का कैमरा सेल्फी मोड में खुल जायेगा. तत्पश्चात कैप्चर एवं कंफर्म बटन के माध्यम से उनकी उस दिन की हाजिरी फोटो के साथ बन पायेगी.
मार्क ऑन ड्यूटी विकल्प का कर सकते हैं चयन
वैसे शिक्षक जिनकी अन्यत्र किसी सरकारी कार्य के लिए प्रतिनियुक्ति की गई है वह मार्क आन ड्यूटी विकल्प का चयन करते हुए अपनी हाजिरी बनायेंगे. इसके लिए उनके मोबाइल स्क्रीन पर मार्क इन एवं मार्क आउट का आप्शन आयेगा. इस तरह मार्क इन और मार्क आउट के माध्यम से ऐसे शिक्षक दूसरे कार्यालय से भी अपनी हाजिरी बना सकते हैं.
गाइडलाइन जारी
नई तकनीक से हाजिरी बनाने को लेकर विभाग द्वारा जो गाइडलाइन जारी किए गए हैं उसके मुताबिक प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को ई-शिक्षा कोष में लाग-इन करने के बाद डैशबोर्ड पर मार्क अटेंडेंस बटन को क्लिक करना होगा. तत्पश्चात उस पर सेल्फ अटेंडेंस का आप्शन आयेगा. सेल्फ अटेंडेंस क्लिक करते ही स्कूल इन और स्कूल आउट का विकल्प आयेगा. फिर शिक्षक उसके अनुसार अपनी हाजिरी बना सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




