कलापहाड़ गांव में जलजमाव से बढ़ा संक्रमण का खतरा, ग्रामीणों ने नाला निर्माण की उठाई मांग
जलजमाव
Kalapahar Waterlogging: किशनगंज के कलापहाड़ गांव में जलजमाव की विकट समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है. पिछले कई वर्षों से गांव की मुख्य सड़क गंदे पानी के तालाब में तब्दील है, जिससे अब पूरे इलाके में महामारी और संक्रामक बीमारियों का टाइम बम टिक-टिक कर रहा है.
मुख्य बातें:
टेढ़ागाछ (किशनगंज) से गौरव कुमार की रिपोर्ट
Kalapahar Waterlogging: बिहार के सीमांचल क्षेत्र अंतर्गत किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड से जलजमाव और प्रशासनिक उदासीनता की एक गंभीर समस्या सामने आई है. प्रखंड की डाकपोखर पंचायत स्थित कलापहाड़ गांव (वार्ड संख्या-05) में मुख्य सड़क पर पिछले कई सालों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से न सिर्फ लोगों का पैदल चलना मुहाल हो गया है, बल्कि पूरे गांव में संक्रामक बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है.
मुख्य सड़क बनी तलाब, आवागमन ठप
कलापहाड़ गांव की इस मुख्य सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद नारकीय बन चुकी है. सड़क पर हर समय गंदे पानी का भराव रहने के कारण यह पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गई है.
ग्रामीणों को अपने दैनिक कार्यों के लिए इसी बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जो अक्सर इस कीचड़युक्त रास्ते पर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं.
सालों से नाला निर्माण की मांग अधूरी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से वे इस नरक को झेलने के लिए मजबूर हैं. बरसात के मौसम में तो यहाँ की स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है.
इस गंभीर समस्या के पक्के समाधान के लिए ग्रामीणों ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रखंड के अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर नाला निर्माण की गुहार लगाई है. लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला, धरातल पर आज तक जल निकासी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, बीमारी का डर
सड़क पर महीनों से सड़ रहे पानी के कारण अब पूरे इलाके में मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है. ग्रामीणों को डर है कि अगर जल्द ही यहाँ से पानी नहीं निकाला गया, तो गांव में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और डायरिया जैसी घातक बीमारियां पैर पसार सकती हैं.
मौसम के बदलते मिजाज के बीच इस गंदे पानी से उठने वाली बदबू ने स्थानीय लोगों का जीना दूभर कर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी स्वास्थ्य आपदा के आने का इंतजार कर रहा है.
पटना: जेपी गोलंबर रोड पर चौकीदार और दफादारों का प्रदर्शन शुरू. प्रदर्शन के कारण हुआ सड़क जाम.
Kalapahar Waterlogging: ग्रामीणों ने लगाई गुहार, दी चेतावनी
इस विकट समस्या को लेकर गांव के प्रबुद्ध नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीण वरुण दास, जगमोहन दास, रोहित कुमार दास, अभिषेक दास, मनोरंजन दास, मुकेश दास और रवि कुमार दास सहित दर्जनों लोगों ने शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा है.
ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से मांग की है कि जनहित को देखते हुए कलापहाड़ गांव में तुरंत नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए. लोगों ने साफ कहा है कि यदि इस बार भी उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो वे प्रखंड मुख्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










