जोगीमोहन धार से 8 वर्षीय मंजरा खातून का शव बरामद, एसडीआरएफ ने चलाया सघन सर्च अभियान

सांकेतिक तस्वीर
जोगीमोहन धार में डूबने से एक आठ वर्षीय बच्ची मंजरा खातून की दुखद मौत हो गई. एसडीआरएफ टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया. यह क्षेत्र में एक महीने के भीतर डूबने से तीसरी मौत है.
Drowning: पौआखाली थाना क्षेत्र के रसिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-6 स्थित डहुआवाड़ी गांव की आठ वर्षीय मंजरा खातून का शव बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने जोगीमोहन धार से बरामद कर लिया. बच्ची मंगलवार दोपहर स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबकर लापता हो गई थी. वह डहुआवाड़ी निवासी मंजर आलम की पुत्री थी.
कई घंटे की तलाश के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पौआखाली पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया. बुधवार सुबह से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया. कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर में बच्ची का शव जोगीमोहन धार से बरामद कर लिया गया.
शव मिलने पर परिजनों में मचा कोहराम
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. पौआखाली पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही.
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
Drowning: थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि शव बरामद होने के बाद परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाया गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया. इस संबंध में परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया.
एक माह में डूबने से तीसरी मौत
पुलिस के अनुसार बीते एक माह के भीतर पौआखाली थाना क्षेत्र में नदी में डूबने से मौत की यह तीसरी घटना है. इससे पहले सीमलबाड़ी गांव और उत्तर भौलमारा टोला में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. वहीं रूपादह स्थित मेची नदी में लापता हुए एक बच्चे का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है.
प्रशासन ने लोगों से की अपील
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों से अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें बिना देखरेख के नदी या धार के पास नहीं जाने देने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










