मेची नदी में डूबी 8 साल की बच्ची, तलाश में जुटी SDRF की टीम

मेची नदी में बच्ची की तलाश करते एसडीआरएफ की टीम. | Prabhat Khabar Network
किशनगंज के ठाकुरगंज प्रखंड में मेची नदी में नहाने के दौरान एक आठ वर्षीय बच्ची डूब गई. SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश में जुट गई है. इलाके में मातम का माहौल है.
Mechi River: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत रसिया पंचायत में मंगलवार की शाम मेची नदी में नहाने के दौरान आठ वर्षीय बच्ची के डूब जाने से इलाके में मातम का माहौल है. घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक बच्ची की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. प्रशासन की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर खोज अभियान में जुट गई.
नाना के घर आई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार किशनगंज के रुईधासा निवासी मंजूर आलम की आठ वर्षीय पुत्री मंजीरा खातून अपनी मां के साथ रसिया पंचायत स्थित अपने नाना सईदुर रहमान के घर आई हुई थी. मंगलवार की शाम वह अपनी मां के साथ मेची नदी में नहाने गयी थी.
पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई
नहाने के दौरान अचानक बच्ची का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चली गई. देखते ही देखते वह नदी की लहरों में ओझल हो गई. घटना के बाद नदी किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी.
प्रशासन ने शुरू कराया खोज अभियान
Mechi River: घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने किशनगंज एसडीआरएफ टीम को सूचना दी. इसके बाद अंचलाधिकारी स्वयं राजस्व कर्मचारी अमित कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण बच्ची के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं. प्रशासन ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं चल सका था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










