ePaper

मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों का गरिमामय सम्मान समारोह संपन्न

Updated at : 20 Jan 2026 9:18 PM (IST)
विज्ञापन
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों का गरिमामय सम्मान समारोह संपन्न

मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों को मिला सम्मान

विज्ञापन

किशनगंज. कला, संस्कृति और परंपराएं किसी भी समाज की आत्मा होती हैं. इन्हें संरक्षित और संवर्धित करने वाले कलाकार समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं. ऐसे कलाकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं प्रोत्साहन हेतु बिहार सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना राज्य के वरिष्ठ एवं समर्पित कलाकारों के लिए एक सशक्त सामाजिक सुरक्षा कवच के रूप में उभरकर सामने आई है. इसी कड़ी में जिला में इस योजना के अंतर्गत चयनित कलाकारों के सम्मान हेतु एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन, किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थियों का सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. यह समारोह जिले में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठ कलाकारों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने की. मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत चयनित 03 लाभार्थी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर कलाकारों के चेहरे पर आत्मगौरव, संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट झलक रही थी. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री झा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि कलाकार किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान होते हैं. लोक कला, लोक संगीत, लोक नृत्य एवं पारंपरिक विधाओं के संरक्षण में कलाकारों की भूमिका अतुलनीय है. मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना उन कलाकारों के लिए सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा कला को समर्पित कर दिया, परंतु आर्थिक रूप से वे स्वयं को असुरक्षित महसूस करते थे. यह योजना न केवल उन्हें आर्थिक संबल देती है, बल्कि समाज में उनके योगदान को औपचारिक मान्यता भी प्रदान करती है. कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत स्वीकृत सभी लाभार्थियों को 3 हजार की राशि सम्मान स्वरूप उनके बैंक खाते में माननीय कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री, बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्यक्ष अंतरण के माध्यम से हस्तांतरित की गई है. इस आर्थिक सहायता से लाभार्थी कलाकारों में उत्साह का संचार हुआ है. यह योजना विशेष रूप से लोक गायक, लोक नर्तक, पारंपरिक वादक, रंगकर्मी, नाट्य कलाकार, शिल्पकार एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि वे अपने जीवन के उत्तरार्ध में सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें. कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने यह भी कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र कलाकार इस योजना से वंचित न रहे. इसके लिए जिला स्तर पर निरंतर आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं तथा पात्रता के आधार पर जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुशंसा कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाता है. इस अवसर पर यह जानकारी भी दी गई कि मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता या दस्तावेजों के संबंध में इच्छुक कलाकार जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, किशनगंज श्री प्रहलाद कुमार से कार्यालय अवधि में संपर्क कर सकते हैं. संपर्क हेतु मोबाइल नंबर 8409401938 उपलब्ध कराया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन