आशा की हत्या मामले में आधे दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ गोगरी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी.
एसपी राकेश कुमार ने गोगरी पहुंचकर घटनास्थल का किया जांच………….
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गोगरी डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठितखगड़िया/ गोगरी. थाना क्षेत्र के मुश्कीपुर कोठी निवासी आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा की गला रेतकर हत्या किये जाने के बाद एसपी राकेश कुमार ने रविवार को घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ गोगरी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. घटना स्थल पर मृतका आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा के घर की बारीकी से छानबीन कर साक्ष्य तलाशने की कोशिश की. इधर गोगरी पुलिस ने चौबीस घंटे में मुश्कीपुर कोठी निवासी मिथुन कुमार, शांति देवी, सुचन कुमार, रामपुर निवासी शहबाज आलम, मालिया निवासी गुलजार सहित आधे दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ किया. हालांकि पुलिस ने कुछ लोगों की पीआर बांड पर छोड़ दिया और कुछ लोगों से देर शाम तक हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
घर के अंदर साक्ष्य की पुलिस ने किया तलाश
शनिवार की शाम में गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में तैनात आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा की गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी. रविवार को शव का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया गया. घटना के बाद एसपी राकेश कुमार, गोगरी डीएसपी रमेश कुमार, गोगरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी ने मृतका आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा के घर के अंदर बारीकी से साक्ष्य जुटाने के मकसद से छानबीन की. हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली. डीएसपी रमेश कुमार और थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने मिलकर शनिवार से लेकर रविवार की देर रात्रि तक आशा कार्यकर्ता हत्याकांड मामले की गुत्थी को लेकर मुश्कीपुर कोठी से लेकर कई जगहों पर जांच की. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित अनुसंधान चल रहा है. सही जानकारी और पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में आरोपित फरार है. बता दें कि थाना क्षेत्र के मुश्कीपुर कोठी में दिनदहाड़े आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा की गला रेतकर हत्या बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है. लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं.घटनास्थल के पास हमेशा रहता है आवागमन
जिस जगह अपराधियों द्वारा आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया. वह अगुवानी महेशखूंट मुख्य सड़क से सटा है. वहां पर हमेशा लोगों का आना जाना लगा रहता है. इतना ही नहीं किसी ने अपराधियों को देखा तो होगा. बावजूद न तो सामने से और न ही पर्दे के पीछे से पुलिस को कुछ बता रहा है. ये भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधी देखने में कैसे थे, क्या पहने थे और हत्या कर किधर भागे हैं. ऐसे में पुलिस को इस गुत्थी को सुलझाने में काफी परेशानी हो रही है. कुछ साक्ष्य तो कुछ अनुमान को जोड़कर मामले में पुलिस किसी नतीजे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पुलिस कुछ ऐसे पुराने अपराधियों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है, जिन्होंने पहले ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है. इनमें से कुछ को छांटा गया है. उनमें से सही अपराधी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही है छापेमारी
आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गयी. जिसमें एसडीपीओ रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार अपराधियों के ठिकाने पर छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने दावा किया है कि जल्द ही आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा.एसपी ने कहा देर शाम तक नहीं दिया गया आवेदन
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि मृतका आशा कार्यकर्ता पूनम वर्मा के परिजन द्वारा हत्या मामले में किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन दिए जाने पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि यदि मृतका के परिजन द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जाती है तो पुलिस स्वयं एफआईआर कर मामले की जांच करेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




