अस्पताल पहुंचने से पहले गंदे नाले से गुजरने की मजबूरी, मानसी CHC के बाहर बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल

अस्पताल पहुंचने से पहले गंदे नाले से गुजरने की मजबूरी
Khagaria News:खगड़िया के मानसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश मार्ग पर नाले का गंदा पानी लंबे समय से बह रहा है. इससे मरीजों, परिजनों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
मानसी (खगड़िया) से सतीश कुमार की रिपोर्ट
Khagaria News: बीमार होकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीज अगर इलाज से पहले ही गंदे नाले के पानी से होकर गुजरने को मजबूर हों, तो हालात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है. खगड़िया के मानसी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश मार्ग की तस्वीर इन दिनों कुछ ऐसी ही है. यहां लंबे समय से नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. कई बार शिकायत के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जब सड़क पर जलजमाव और गंदे पानी के कारण अस्पताल तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रहता.
अस्पताल के मुख्य गेट पर गंदा पानी, मरीजों की बढ़ी मुश्किल
मानसी प्रखंड के राजा जान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश मार्ग पर नाले का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है. स्थिति ऐसी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. मरीजों और उनके परिजनों को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर अस्पताल के अंदर जाना पड़ता है.
लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान के सामने इस तरह की स्थिति न सिर्फ असुविधा पैदा कर रही है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं भी बढ़ा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा
Khagaria News: हर दिन गुजरते हैं अधिकारी, फिर भी नहीं निकला समाधान
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं. इसके बावजूद वर्षों से बनी इस समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया.
लोगों का आरोप है कि शिकायतें होती रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से नाले की सफाई, जल निकासी और सड़क की मरम्मत की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
बरसात में बढ़ता है हादसे और संक्रमण का खतरा
बरसात के दौरान सड़क पर जलजमाव और नाले का गंदा पानी मिल जाने से फिसलकर गिरने की आशंका बढ़ जाती है. अस्पताल आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और मरीज सबसे अधिक प्रभावित होते हैं.
इसके साथ ही गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. लोगों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसी स्थिति बनी रहने से संक्रमण फैलने का भी खतरा बना रहता है.
नगर पंचायत से लोगों की मांग, जल्द मिले स्थायी समाधान
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग से नाले की तत्काल सफाई कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के बाहर ऐसी बदहाल स्थिति प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है.
लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार विभाग जल्द कार्रवाई करेगा, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और आम नागरिकों को गंदे पानी और जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
Also Read: बिहार की 1.5 लाख छात्राओं को मिलेगा 50000 का तोहफा, जानें कब आएगा पैसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










