धनखेता गोलीबारी मामले में 17 नामजद समेत 5 अज्ञात पर केस, रंगदारी और फायरिंग का आरोप
गोगरी के अनुमंडलीय अस्पताल में इलाजरत घायल ज्वाला यादव | Prabhat Khabar Network
खगड़िया जिले के धनखेता गांव में रंगदारी नहीं देने पर मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस ने 17 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Khagaria Firing Case: खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के धनखेता गांव में बीते दिन हुई गोलीबारी और मारपीट के मामले में गोगरी थाना में कांड संख्या 245/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. यह प्राथमिकी धनखेता निवासी कारे यादव की पत्नी दयावती देवी के लिखित आवेदन पर दर्ज की गयी है.
17 नामजद और 5 अज्ञात बनाए गए आरोपी
प्राथमिकी में धनखेता निवासी पंकज यादव, सगीन यादव, लगीन यादव, सुढो यादव, रामबोल यादव, राजा यादव, लालमोहन यादव, रामचंद्र यादव, अमित यादव, रजबू यादव, नितिन कुमार, रजनीश कुमार, नीरज यादव, विभा देवी, रेणु देवी, शिवम कुमार और प्रिंस कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.
रंगदारी नहीं देने पर मारपीट और फायरिंग का आरोप
दयावती देवी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि सभी आरोपी हथियार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से लैस होकर उनके घर पहुंचे तथा 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे. विरोध करने पर पंकज यादव ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति को लगी गोली
Khagaria Firing Case: आवेदन के अनुसार, शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ज्वाला यादव को नितिन कुमार ने गोली मार दी. इसके बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने की नीयत से 6 से 7 राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. घायल ज्वाला यादव को पहले गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया.
पुलिस कर रही छापेमारी
गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर 17 नामजद और 5 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए