Katihar News : स्टेट हाइवे 77 मार्ग पर सूख रहा मक्का, हादसे को दे रहा न्योता

पोठिया थाना क्षेत्र के भंगहा गांव के समीप स्टेट हाइवे 77 मार्ग पर इन दिनों किसानों द्वारा खुलेआम सड़क पर मक्का सुखाया जा रहा है.
फालका (कटिहार) से अली अहमद का रिपोर्ट Katihar News : पोठिया थाना क्षेत्र के भंगहा गांव के समीप स्टेट हाइवे 77 मार्ग पर इन दिनों किसानों द्वारा खुलेआम सड़क पर मक्का सुखाया जा रहा है. व्यस्त सड़क पर जगह-जगह मक्का फैलाए जाने से दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है. सड़क के दोनों किनारों के साथ कई स्थानों पर बीच सड़क तक मक्का फैला रहने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बन गयी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेट हाइवे 77 से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. सड़क पर फैले मक्का के कारण बाइक और चारपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है. कई बार वाहन चालक अचानक सड़क पर फैला मक्का देखकर संतुलन खो बैठते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि खेत एवं खलिहान की कमी के कारण किसान मजबूरी में सड़क का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन इससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है. लोगों ने प्रशासन और स्थानीय थाना पुलिस से इस मामले में तत्काल पहल करते हुए सड़क पर मक्का सुखाने पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष कुर्सेला थाना क्षेत्र के टिकापट्टी पुल के समीप सड़क पर मक्का सुखाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें आठ बारातियों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं. राहगीरों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती है. वहीं मामले में पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि किसानों को सड़क पर मक्का सुखाने से परहेज करना चाहिए. पुलिस की गश्ती टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है. सड़क पर मक्का सुखाते पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










