महमूद चौक पर अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान फिर तेज होता जा रहा है.
कटिहार . शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान फिर तेज होता जा रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को नगर थाना क्षेत्र के महमूद चौक पर एक बार फिर नगर निगम प्रशासन ने बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी कई दुकानों के साथ-साथ एक दो मंजिला मकान पर भी कार्रवाई की गयी. नगर निगम के मजदूरों व जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमित हिस्सों को ध्वस्त किया गया. प्रशासन का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से जलजमाव (वॉटर लॉगिंग) की गंभीर समस्या बनी हुई है. जिसका मुख्य कारण नालों पर किया गया अतिक्रमण है. मौके पर मौजूद नगर आयुक्त संतोष कुमार व सदर एसडीओ प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि महमूद चौक और आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के लिए लगभग एक वर्ष पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था. इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया. जिसके बाद मजबूरन यह कार्रवाई करनी पड़ी है. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शहर को जलजमाव से मुक्त करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. कार्रवाई से प्रभावित लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली. अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मकान के मालिक ऐनुल अंसारी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि बुडको द्वारा नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है. जिसके संबंध में उन्हें 25 फरवरी 2025 को नोटिस मिला था. इसके बाद उन्होंने अपना पक्ष भी रखा और कहा कि उन्होंने कोई अतिक्रमण नहीं किया है. ऐनुल अंसारी के अनुसार नगर निगम की ओर से उन्हें नाला निर्माण में सहयोग करने के लिए पत्र भी मिला था. वे इसके लिए तैयार थे, लेकिन अचानक बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के उनके घर और आसपास की दुकानों पर बुलडोजर चला दिया गया. जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. जहां एक ओर कुछ लोग इसे शहर के विकास के लिए जरूरी कदम मान रहे हैं. वहीं प्रभावित परिवारों में असंतोष और आक्रोश भी साफ देखा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




