मनिहारी : जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न जगहों पर आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत डूबने से हो गयी. मृतक के परिजनों को मिलेंगे चार लाख : मनिहारी प्रखंड के नारायणपुर बोचाही में बाढ़ के पानी में डूबने से सोमवार को पांच बच्चों की मौत हो गयी. पांचों बच्चों का शव बरामद कर लिया गया है. सभी मृत बच्चे एक ही परिवार के है. आपस में रिश्तेदार है. इस घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृत में तीन लड़का और दो लड़की शामिल है.
डूबने से नैरोनी हेम्ब्रम (5) पिता भगन हेम्ब्रम, सरस्वती मूर्मू (7) पिता आशा मूर्मू, राजकिशोर मूर्मू (7 ) पिता जीतु मूर्मू , देवेन्द्र मूर्मू (6) पिता आशा मूर्मू , विकास मूर्मू (5) पिता गुमदी मूर्मू की मौत हुई है. इस घटना के बाद सीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष अशोक मेहता दो एंबुलेन्स के साथ पहुंचे. मनिहारी सीओ संजीव कुमार ने बताया कि नहाने के क्रम में पांचों बच्चे डूबे है.
जिससे सभी की मौत हो गयी है. मनिहारी प्रभारी एसडीओ रविकांत सिन्हा ने बताया कि घटना काफी दुखद है. सभी मृतक के परिवार को चार चार लाख रुपये दिये जायेंगे. इधर, मनिहारी के फतेहनगर ओलीपुर में बाढ़ के पानी में बुधवार को डूबने से सूरज मूर्मू (10) पिता तल्लू मूर्मू की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर सीओ संजीव कुमार पहुंचे.
आबादपुर के मथुरापुर में डूबने से बालक की मौत: आबादपुर. थाना क्षेत्र के शिवानंदपुर पंचायत स्थित मथुरापुर ग्राम में सोमवार की दोपहर एक पांच वर्षीय बालक मो सैफुल्लाह की मौत महानंदा नदी की धार में बह जाने के चलते हो गयी. इस संबंध में मृत बालक के पिता मो आबिद ने बताया कि उनका घर महानंदा नदी के किनारे स्थित है. सोमवार की दोपहर से ही उनका पुत्र घर से गायब था.
काफी खोजबीन के पश्चात महानंदा नदी के धार से बालक का शव बरामद किया गया. मृत्यु की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक महबूब आलम तत्काल पीड़ित के घर पहुंचे. विधायक की सूचना पर अंचलाधिकारी बारसोई संजय कुमार भी पीड़ित के घर पहुंचे तथा घटना का जायजा लिया. पीड़ित परिवार को सरकारी मदद का आश्वासन दिया.
महानंदा नदी में डूबने से दस वर्षीय बच्चे की मौत : आजमनगर. प्रखंड के जलकी पंचायत अंतर्गत समशेरपुर गांव में डूबकर एक बच्चे की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सालमारी ओपी क्षेत्र के समशेरपुर गांव में बच्चों के साथ महानंदा नदी में नहाने गये मुकेश महतो उम्र 10 वर्ष पिता गब्बर महतो नहाने के क्रम में गहरे पानी में जाने से डूबने से मौत हो गयी. ग्रामीणों की सहायता से घंटों गोताखोरों द्वारा तलाशी के बाद बच्चे की लाश बरामद की जा सकी.
मृतक के पिता गब्बर महतो ने कहा कि गांव के बच्चों संग गांव के निकट नदी में नहाने गया था. जहां पैर फिसल जाने से उनका पुत्र अधिक पानी में चला गया. जहां डूबकर उनकी मौत हो गयी. मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद बच्चे की लाश बरामद की जा सकी.
सालमारी ओपी पुलिस लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. उक्त मामले में अंचल निरीक्षक हाफिजुर रहमान उर्फ टिंकू ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बिहार सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि चार लाख रूपया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को दे दी जायेगी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था.
प्राणपुर के बभनी में डूबने से युवक मौत : प्राणपुर. थाना क्षेत्र के बभनी गांव के एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गयी. बताया गया राजा यादव उम्र 22 वर्ष पिता युगल यादव साकिन बभनी मंगलवार को अपराह्न तकरीबन एक बजे खानी पोखर छठ घाट में नहाने के क्रम में डूबने से मौत हो गयी. सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है.
पुलिया के समीप धार से युवक का मिला शव : कुरसेला. थाना क्षेत्र के कोसकीपुर सड़क के कुरसेला बस्ती पुलिया के समीप गहरे पानी में डूबे युवक का शव सोमवार को बरामद किया गया. मृत युवक की पहचान नंद किशोर मंडल (26) ग्राम कुरसेला बस्ती के रूप में की गयी.
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टर्माटम के लिए कटिहार भेज दिया. पुलिया के समीप धार में डूबे युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी. घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. आशंका है कि युवक के धार के गहरे पानी मे डूबने से मौत हो गयी. युवक धार में कैसे और किस समय डूबा यह ज्ञात नहीं हो सका था.
विधानपार्षद ने शोक प्रकट किया : मनिहारी. प्रखंड के नारायणपुर पंचायत के बोचाही आदिवासी गांव में नहाने के दौरान डूबने के दौरान पांच बच्चों की मौत हुई थी. विधान पार्षद अशोक अग्रवाल पीड़ित परिवारों के आवास पर जाकर पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली. इस घटना पर शोक प्रकट किये.
विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिये. विभागीय लोगों से बात कर जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों को सरकारी लाभ एवं घटना की जांच कराने का निदेश दिया. मौके पर भाजपा अनुसूचित जन जाति प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष तल्लू बासकी, कृष्णा सिंह , सचिन मूर्मू , अधिवक्ता जगदीश प्रसाद सिंह, हीरा गुप्ता अखिलेश सिंह आदि मौजूद थे.