कैमूर में सर्पदंश से युवक की हालत गंभीर, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के ICU में भर्ती

Updated:
विज्ञापन
इसी सर्प ने युवक को काटा था | Prabhat Khabar Network

इसी सर्प ने युवक को काटा था | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय युवक को जहरीले सांप ने काट लिया. युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है. ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है.

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव में रविवार रात विषैले सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की हालत गंभीर हो गई. प्राथमिक उपचार के बाद उसे भभुआ सदर अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

भैंस बांधने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार पांडेयपुर गांव निवासी सुरेश बिंद के 25 वर्षीय पुत्र बाबूलाल बिंद रविवार रात करीब आठ बजे भैंस बांधने के लिए घर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनके पैर के नीचे एक विषैला सांप आ गया. पैर पड़ते ही सांप ने उन्हें डस लिया, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.

भभुआ से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल बाबूलाल को भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. फिलहाल युवक आईसीयू में भर्ती है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है.

इलाज के लिए मृत सांप को भी साथ ले गए परिजन

परिजनों ने बताया कि काटने वाले सांप को ग्रामीणों ने मारकर एक डिब्बे में सुरक्षित रख लिया. बेहतर इलाज के उद्देश्य से उसी सांप को भी वाराणसी ले जाया गया, ताकि डॉक्टर उसकी प्रजाति की पहचान कर उसी के अनुरूप उपचार कर सकें.

बरसात में बढ़ा खतरा, डॉक्टरों ने दी सलाह

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में बढ़ रही सांप निकलने की घटनाओं को देखते हुए सड़कों और खेतों के आसपास साफ-सफाई तथा दवा के छिड़काव की मांग की है. वहीं चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें, क्योंकि समय पर इलाज मिलने से ही मरीज की जान बचाई जा सकती है.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन