कैमूर: APAAR ID में लापरवाही पर BEO सख्त, 7 दिन में 100% ID बनाने का अल्टीमेटम, कार्रवाई की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
बीआरसी कार्यालय | Prabhat Khabar Network

बीआरसी कार्यालय | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिले में APAAR ID बनाने में हो रही लापरवाही पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सख्त हो गए हैं. सभी विद्यालयों को 7 दिनों के भीतर 100% लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा कार्रवाई होगी.

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में छात्रों की APAAR ID (अपार आईडी) बनाने में हो रही लापरवाही पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. सभी विद्यालयों को अगले सात दिनों के भीतर कक्षा 1 से 12 तक के सभी नामांकित छात्रों की APAAR ID शत-प्रतिशत तैयार करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

7 दिन में पूरा करना होगा 100% लक्ष्य

लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि बीईओ द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि हालिया समीक्षा बैठक में कई विद्यालयों में APAAR ID निर्माण की प्रगति असंतोषजनक पाई गई. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी विद्यालयों को सात दिनों के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

प्रगति की निगरानी के लिए नोडल प्रभारी नियुक्त

इस अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के लिए शिक्षक आशुतोष कुमार मौर्य को प्रखंड स्तरीय नोडल प्रभारी बनाया गया है. वे प्रतिदिन सभी विद्यालयों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर उसका संकलन करेंगे और बीईओ कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे, ताकि कार्य की लगातार समीक्षा की जा सके.

लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई

कार्यालय आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि APAAR ID निर्माण शिक्षा मंत्रालय का समयबद्ध और अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. यदि किसी विद्यालय में शिथिलता, लापरवाही या कोताही पाई गई तो संबंधित प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी.

क्या है APAAR ID योजना

APAAR (Automated Permanent Academic Account Registry) शिक्षा मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है. इसके तहत प्रत्येक छात्र का स्थायी शैक्षणिक पहचान पत्र बनाया जाता है, जिससे उसका पूरा शैक्षणिक रिकॉर्ड एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित और उपलब्ध रहता है. बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों और नोडल शिक्षकों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. इसकी प्रति जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी कैमूर को भी भेजी गई है.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन