कैमूर: चैनपुर में शराब तस्करी पर पुलिस का एक्शन, टेट्रा पैक शराब और पल्सर बाइक जब्त, तस्कर फरार

चैनपुर थाना | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के चैनपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 पीस ब्लू लाइम टेट्रा पैक देशी शराब जब्त की है. हालांकि, शराब तस्कर मौके से एक पल्सर बाइक छोड़कर फरार होने में सफल रहा.
Kaimur News : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 पीस ब्लू लाइम टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है. छापेमारी के दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक काले रंग की पल्सर बाइक भी जब्त की गई. हालांकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर गांव की संकरी गलियों से फरार हो गया.
गुप्त सूचना पर गांव पहुंची पुलिस
पुलिस गश्ती दल अवखरा मोड़ पर मौजूद था, तभी सूचना मिली कि मदुरना गांव निवासी राहुल कुमार अपने घर के पास शराब की खेप छिपाकर बिक्री की तैयारी कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी.
बाइक छोड़कर भागा आरोपी
पुलिस को देखते ही आरोपी पल्सर बाइक छोड़कर भागने लगा. जवानों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह गांव की संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने उसकी पहचान मदुरना गांव निवासी भुट्टी कुशवाहा के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की है.
बाइक से बरामद हुई 225 टेट्रा पैक शराब
तलाशी के दौरान पुलिस ने बाइक की डिग्गी से 44 पीस और सीट के नीचे छिपाए गए 46 पीस ब्लू लाइम देशी शराब बरामद किए. वहीं बाइक पर बंधे बोरे से तीन कार्टन मिले, जिनमें 135 पीस टेट्रा पैक शराब रखी थी. कुल 225 पीस ब्लू लाइम देशी शराब, जिसकी मात्रा 45 लीटर बताई गई है, पुलिस ने जब्त कर ली.
उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जब्त शराब और बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










