कुहिरा नदी के सोन से जुड़ने के बाद खेतों को मिलेगा पानी, लहलहायेंगी फसलें

सी महीने के 18 तारीख को प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैमूर पहुंचे थे, जहां उनके द्वारा जिले को कई सौगातें दी गयीं. इसमें जिले को मेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कुहिरा नदी से सोन को जोड़ने का कार्य सहित कई घोषणाएं शामिल हैं
चैनपुर. इसी महीने के 18 तारीख को प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैमूर पहुंचे थे, जहां उनके द्वारा जिले को कई सौगातें दी गयीं. इसमें जिले को मेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कुहिरा नदी से सोन को जोड़ने का कार्य सहित कई घोषणाएं शामिल हैं, जो सीधे लोगों के विकास से जुड़ी है. प्रगति यात्रा के कुछ दिनों के भीतर ही इन सभी योजनाओं को कैबिनेट से मंजूरी भी मिल गयी है, जिसकी जानकारी गुरुवार को अपने आवास पर प्रेस काॅन्फ्रेंस के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो जमा खां द्वारा दी गयी. मंत्री ने बताया उन्होंने जनता से जो भी वादा किया है, उसे पूरा करने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने बताया चैनपुर विधानसभा के अंतर्गत कैमूर पहाड़ी पर स्थित अधौरा प्रखंड हो या इस विधानसभा के अंतर्गत आनेवाला भगवानपुर, चैनपुर व चांद प्रखंड हो यहां के गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने बताया अधौरा प्रखंड वासियों के लिए सबसे बड़ी समस्या कनेक्टिविटी की थी, जहां अपने रिश्तेदारों से बात करने के लिए लोगों को दूर तक जाना पड़ता था या फिर ऊंचे-ऊंचे पेड़ों पर चढ़ना पड़ता था. लेकिन, यहां मोबाइल टावर लग जाने के कारण अब लोगों को घर बैठे क्षेत्र व रिश्तेदारों का हाल-चाल मिल जाता है. उन्होंने कहा अधौरा प्रखंड के कई गांवों तक सड़कों का निर्माण भी कराया गया है, जिससे लोग सहज ही अपने गांव तक पहुंच रहे हैं. # चार अरब की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज – अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो जमा खां ने प्रेस काॅन्फ्रेंस के दौरान बताया कि कैमूर जिले को मुख्यमंत्री के द्वारा मेडिकल कॉलेज की सौगात दी गयी है, जिसका निर्माण चार अरब दो करोड़ 14 लाख रुपये से कराया जायेगा. इसके लिए मंत्री परिषद से मंजूरी मिल चुकी है. उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद जिले के लोगों को इससे काफी सहूलियत होगी. मेडिकल कॉलेज के लिए जल्द ही स्थल चयन का कार्य पूर्ण किया जायेगा, जिसके बाद निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जायेगा. उन्होंने बताया कि स्थल चयन के लिए पटना से भी टीम कैमूर पहुंची थी, जहां उनके द्वारा कुछ स्थलों को देखा गया है. जिले में मेडिकल कॉलेज का जो सपना लोगों ने देखा था, वह अब सरकार होने वाला है. # सोन-कुहिरा लिंक परियोजना से किसानों को मिलेगा लाभ- प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि उन्होंने लोगों से वादा किया था कि सोन नदी का पानी कुहिरा नदी तक लायेंगे. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनका चुनावी वादा नहीं था, बल्कि उनकी दिली इच्छा थी. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से भी बात की थी और प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा इस पर मुहर लगायी गयी. मंत्री ने कहा कि सोन नदी के कुहिरा नदी से जुड़ जाने के बाद क्षेत्र के खेत प्यासे नहीं रहेंगे, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलेगा. उन्होंने बताया कुहिरा नदी में सोन का पानी आने के बाद क्षेत्र के नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा. मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के किसान सिर्फ बरसात पर निर्भर रहते हैं, लेकिन अब इस योजना के तहत किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जायेगा. उन्होंने बताया कि सोन-कुहिरा लिंक परियोजना के लिए कैबिनेट से 154 करोड़ 54 लाख 28 हजार रुपये की मंजूरी दी गयी है. इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद चैनपुर, चांद व भगवानपुर प्रखंड में सिंचाई सुविधाओं का विकास होगा, जिससे किसानों को ससमय पर्याप्त पानी मिल सकेगा. # करकटगढ़ व जगदहवां डैम के पास इको पार्क का होगा जीर्णोद्धार प्रखंड क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी पर स्थित करकटगढ़ जलप्रपात व जगदहवां डैम के पास इको पार्क का जीर्णोद्धार का कार्य भी होगा, जिसकी घोषणा मुखिया नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान की गयी थी. मंत्री ने कहा कि इको पार्क के जीर्णोद्धार के बाद यहां काफी संख्या में सैलानी पहुंचेंगे. यह पिकनिक स्पॉट होने के कारण यहां बारहों महीने लोग पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते रहते हैं. उन्होंने बताया करकटगढ़ इको पार्क के जीर्णोद्धार के लिए 12 करोड रुपये की स्वीकृति कैबिनेट द्वारा दी गयी है. जगदहवां डैम के पास इको पार्क के लिए जीर्णोद्धार के लिए कैबिनेट से 14 करोड़ की मंजूरी मिली है. उन्होंने बताया इको पार्क के जीर्णोद्घार के बाद इसका लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा. अधौरा में जल्द होगा डिग्री कॉलेज का निर्माण प्रेसवार्ता के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो जमा खां ने कहा अधौरा प्रखंड में डिग्री कॉलेज की मांग काफी दिनों से थी और यह उनका चुनावी मुद्दा भी था. उन्होंने बताया मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान अधौरा प्रखंड में डिग्री कॉलेज निर्माण की घोषणा की गयी थी. उन्होंने बताया अधौरा प्रखंड में डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ होगा. डिग्री कॉलेज के निर्माण के बाद यहां के छात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अब कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने बताया आरा-मोहनिया पथ पर बाईपास का निर्माण हो जाने से आवागमन में भी लोगों को सुविधा मिलेगी और जाम से मुक्ति मिलेगी. उन्होंने बताया जर्जर हो चुके जगदाहवां डैम का भी जीर्णोद्धार कराया जायेगा, ताकि इस डैम का जल क्षमता बढ़ाया जा सके. भगवानपुर में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण की स्वीकृति उन्होंने बताया कि चैनपुर विधानसभा अंतर्गत भगवानपुर में 37 करोड़ 11 लाख 15 हजार रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जायेगा, जिसकी स्वीकृति मंत्री परिषद द्वारा दी गयी है. उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण से जिले के कई खिलाड़ियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. उन्होंने बताया अधौरा प्रखंड में भूजल की अनुपलब्धता को देखते हुए प्रभावित 6 पंचायत में सिंचाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सोन व दुर्गावती नदी के सतही जल के उपयोग हेतु बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के निर्माण तथा रखरखाव की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि यहां के लोगों को पानी की समस्या ना हो. प्रेसवार्ता के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि विकास का कार्य यही रुकेगा नहीं, बल्कि लगातार जारी रहेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










