कैमूर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, महुआ शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ई-रिक्शा और एक बाइक जब्त

जब्त बाइक और ई-रिक्शा पर लदा हुआ शराब का खेप | Prabhat Khabar Network
बिहार के भगवानपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24 लीटर देशी महुआ शराब और दो वाहनों के साथ तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
Kaimur News : कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 लीटर देशी महुआ शराब के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ई-रिक्शा और एक बाइक भी जब्त की गई है.
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कृष्णापुर (हरिपुर) गांव से एक हरे रंग के ई-रिक्शा पर महुआ शराब लादकर भगवानपुर की ओर लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने भगवानपुर-अधौरा मार्ग के मोहनपुर गांव के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की.
तीन तस्कर गिरफ्तार, दो वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा चालक शमीम अंसारी (टोड़ी गांव) के साथ भगवानपुर गांव निवासी गुड्डू मुसहर और कृष्णापुर (हरिपुर) निवासी इंदल बिंद को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से 24 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की. साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा और लाल रंग की होंडा बाइक (बीआर-45/क्यू-1755) भी जब्त कर ली.
बाइक सवार कर रहे थे लाइनर का काम
पुलिस के अनुसार गुड्डू मुसहर और इंदल बिंद बाइक से ई-रिक्शा के आगे-आगे चल रहे थे और रास्ते की गतिविधियों की जानकारी देकर लाइनर की भूमिका निभा रहे थे, ताकि शराब की खेप सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाई जा सके. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की योजना विफल कर दी.
मध निषेध अधिनियम के तहत भेजे गए जेल
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मेडिकल जांच के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जब्त शराब और दोनों वाहनों की जब्ती सूची भी तैयार कर ली गई है.
एसपी के निर्देश पर लगातार चल रही कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि कैमूर के नए एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में शराब तस्करों, उत्पादकों और कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. भगवानपुर थाना पुलिस भी अवैध शराब के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










