कैमूर में एक्शन मोड में SP, बेलांव और करमचट थाने का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी

1 करमचट थाना का निरीक्षण करते एसपी 2 बेलाव थाना का पंजी की जायजा लेते एसपी | Prabhat Khabar Network
एसपी शिखर चौधरी ने बेलांव और करमचट थाने का औचक निरीक्षण कर लंबित कांडों के जल्द निष्पादन और गश्ती बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया है।
Kaimur News : कैमूर जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बुधवार को बेलांव और करमचट थाना का औचक निरीक्षण किया. एसपी के अचानक थानों में पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और विधि-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की.
लंबित मामलों की समीक्षा, जल्द निष्पादन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना सिरिस्ता में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, वारंटियों और फरार अपराधियों की सूची की समीक्षा की. लंबित मामलों के निष्पादन में देरी पर नाराजगी जताते हुए सभी मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर
एसपी शिखर चौधरी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. इसके लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए और अनुसंधानकर्ताओं को तय समय-सीमा के भीतर जांच पूरी कर न्यायालय में आरोपपत्र समर्पित करने को कहा.
गश्ती और वाहन जांच बढ़ाने का निर्देश
कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी ने क्षेत्र में नियमित और सघन गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने विशेष रूप से रात में गश्त और वाहन जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए, ताकि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके. साथ ही शराब तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा.
थाना परिसर की व्यवस्था भी परखी
एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, भवनों के रखरखाव और सरकारी संपत्तियों की स्थिति का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और कंप्यूटर डाटा को नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया.
जनता के प्रति संवेदनशील रहने की नसीहत
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों से आम लोगों के प्रति संवेदनशील और शालीन व्यवहार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा कैमूर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी पीड़ित के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
निरीक्षण के बाद बढ़ी सक्रियता
एसपी के औचक निरीक्षण के बाद बेलांव और करमचट थाना के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों में सक्रियता बढ़ गई है. पुलिस अब लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिक गंभीरता से कार्य करती नजर आ रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










