गया में पढ़ाई करने वाले कैमूर के युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत

गया में रहकर पढ़ाई करने वाले कैमूर के एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. मृत युवक जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भेकास गांव निवासी अरुण कुमार रंजन का 19 वर्षीय बेटा अंकुर कुमार बताया जाता है
भभुआ सदर. गया में रहकर पढ़ाई करने वाले कैमूर के एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. मृत युवक जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भेकास गांव निवासी अरुण कुमार रंजन का 19 वर्षीय बेटा अंकुर कुमार बताया जाता है. युवक की मौत मामले में परिजनों का कहना है कि युवक के साथ मारपीट की गयी है, जिसके चलते उसकी मौत हुई है. जानकारी पर शुक्रवार की सुबह भभुआ पुलिस द्वारा सदर अस्पताल में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है. पंचनामा में पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मौत होने की आशंका व्यक्त की है. पोस्टमार्टम के दौरान उपस्थित परिजनों ने बताया कि मृत युवक अंकुर गया में रहकर पढ़ाई करता था. गुरुवार को परिजनों को गया स्थित मकान की मालकिन द्वारा सूचित किया गया कि युवक गया-डोभी सड़क पर घायल होकर पड़ा हुआ है. इसकी सूचना पर जब परिजन गया पहुंचे, तो वहां से युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन घायल युवक को इलाज के लिए गया से वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन मोहनिया के समीप युवक ने दम तोड़ दिया. मौत के बाद शव को परिजन भभुआ ले आये, जहां भभुआ पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मामले में परिजनों द्वारा भभुआ थाने में अभी किसी भी प्रकार का कोई आवेदन नही दिया गया है. इधर, इस संबंध में भभुआ सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. फिलहाल परिजनों की ओर से थाने में कोई आवेदन नही दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










