स्टेडियम व पुलिस लाइन मार्ग पर गंदगी का राज

Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 19 Jan 2026 4:49 PM

विज्ञापन

नाले का गंदा पानी सड़क पर, बदबू व कीचड़ से राहगीर परेशान

विज्ञापन

नगर पर्षद की लापरवाही उजागर नाले का गंदा पानी सड़क पर, बदबू व कीचड़ से राहगीर परेशान स्वच्छता के दावे कागजों तक सीमित, जमीनी हकीकत कुछ और भभुआ शहर. नगर पर्षद की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. शहर के स्टेडियम व पुलिस लाइन को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर जो नजारा देखने को मिल रहा है, वह न सिर्फ नगर पर्षद की लापरवाही को उजागर करता नजर आ रहा है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति उसकी उदासीनता को भी दर्शाता है. मुख्य मार्ग पर नाले का गंदा पानी सड़क पर फैला हुआ है, वहीं सड़क किनारे कूड़ा-करकट व गले-सड़े अपशिष्ट का अंबार लगा हुआ है. स्टेडियम में दौड़ लगाने वाले छात्रों के अनुसार यह स्थिति कोई नयी नहीं है. बीते कई दिनों से सड़क पर जलजमाव बना हुआ है. नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर स्टेडियम जाने वाले खिलाड़ी, पुलिस लाइन में तैनात कर्मी, स्कूली बच्चे व आम राहगीर इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन बदबू, कीचड़ व फिसलन के कारण हर कदम पर खतरा बना रहता है. सड़क पर फैले कूड़े में प्लास्टिक, सड़े-गले खाद्य पदार्थ व अन्य अपशिष्ट पड़े हैं, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है. इसके बावजूद नगर पर्षद द्वारा न तो नियमित सफाई करायी जा रही है और न ही जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था की गयी है. छात्रों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला. कभी संसाधनों की कमी का हवाला दिया जाता है, तो कभी कर्मचारियों की अनुपस्थिति का. हकीकत यह है कि मुख्य सड़क होने के बावजूद इस इलाके की सुध लेने वाला कोई नहीं है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण संस्थानों स्टेडियम व पुलिस लाइन को जोड़ता है. यहां एक ओर युवा खिलाड़ी रोजाना अभ्यास के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मियों की आवाजाही भी यहीं से होती है. ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति न केवल आम नागरिकों बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की छवि को भी धूमिल कर रही है. अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस बदहाली पर कब तक आंख मूंदे रहते हैं या फिर जनता की परेशानी को समझते हुए कोई ठोस कदम उठाते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन