Kaimur News : जीविका समूह संभालेगा अब प्रखंड सह अंचल कार्यालयों की सफाई व्यवस्था

अब तक किसी तरह प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में रही साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारू करने को लिए अब सरकार ने जीविका समूहों के माध्यम से साफ-सफाई कराने का निर्णय लिया है
भभुआ. अब तक किसी तरह प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में रही साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारू करने को लिए अब सरकार ने जीविका समूहों के माध्यम से साफ-सफाई कराने का निर्णय लिया है. इसे लेकर सरकार स्तर से जारी पत्र के बाद जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों की मापी कराके क्षेत्रफल का ब्योरा मांगा गया है. गौरतलब है कि पूर्व प्रखंड सह अंचल कार्यालयों की साफ सफाई निजी स्तर से करायी जाती है, जिससे कई तरह की परेशानियां सामने आती थीं. हालांकि, सफाई के मद में कुछ पैसा भी सरकार स्तर से प्रखंडों को महीने के हिसाब से दिया जाता था. इधर, ग्रामीण विकास विभाग बिहार सरकार के सचिव लोकेश कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जीविका समूह के जिम्मे लगाया जाना है. सरकार स्तर से जारी पत्र में कहा गया है कि सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों में उचित साफ सफाई बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति द्वारा संपोषित सामुदायिक संगठनों से कराया जाना प्रस्तावित है. संबंधित कार्यालयों में सफाई करने की दर तथा संबंधित दिशा निर्देश को अंतिम रूप दिया जाना है. अत: जिला अंतर्गत सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों की साफ सफाई के लिए कुल क्षेत्रफल संबंधित सूचना प्रपत्र के माध्यम से उपलब्ध करायी जाये. हालांकि, इस सफाई के एरिया में प्रखंड सह अंचल कार्यालयों के आवासीय भवनों के क्षेत्रफल को शामिल नहीं किया जाना है. इधर, जिला स्तर से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार के इस पत्र के आलोक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्रखंड सह अंचल कार्यालय के भवनों का कुल क्षेत्रफल मांगा गया है. जानकारी के अनुसार, सरकार द्वारा सफाई की दर वर्ग फीट के आधार पर तैयार करने की प्लानिंग है. इन्सेट प्रखंड सह अंचल कार्यालय रहेंगे साफ, जीविका की बढ़ेगी आमदनी भभुआ. जीविका समूह के सामुदायिक संगठनों द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के भवनों की सफाई व्यवस्था सम्हालने के बाद जहां जीविका समूहों की आमदनी बढ़ेगी, वहीं दूसरी तरफ प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों का रखरखाव तथा कार्यालय परिसर भी बेहतर नजर आने लगेगा. यहीं नहीं ग्रामीण हलकों से जुड़े इन सरकारी कार्यालयों पर आने जाने वालों को भी एक बेहतर और साफ सुथरा माहौल नजर आयेगा. गौरतलब है कि यह व्यवस्था पहली बार सरकार स्तर से लागू कराये जाने वाली है. इसका असर प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में काम करने वाले कर्मियों के कार्यक्षमता पर भी अनुकूल पड़ेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










