ePaper

सरेया में जीवंत है रामराज्य की परिकल्पना

Updated at : 30 Dec 2024 8:59 PM (IST)
विज्ञापन
सरेया में जीवंत है रामराज्य की परिकल्पना

कैमूर जिले का एक ऐसा गांव है, जहां रात में लोग दरवाजा खोल कर सोते हैं और एक भी ग्रामीण पर केस दर्ज नहीं हुआ है. यह गांव जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र की अमेठ पंचायत का सरेया है.

विज्ञापन

मोहनिया सदर. कैमूर जिले का एक ऐसा गांव है, जहां रात में लोग दरवाजा खोल कर सोते हैं और एक भी ग्रामीण पर केस दर्ज नहीं हुआ है. यह गांव जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र की अमेठ पंचायत का सरेया है. इस गांव के किसी भी व्यक्ति पर आजादी के 77 वर्ष बाद अब तक थाना या न्यायालय में एक भी केस दर्ज नहीं है. आज के परिवेश में जहां चल व अचल संपत्ति को लेकर भाई-भाई का खून बहा रहा है, पुत्र पिता की हत्या कर रहा है लोगों में लालच से वैमनस्यता फैलती जा रही है. वहीं, इस गांव के लोग आपसी भाईचारा, एक-दूसरे के बीच अटूट प्रेम, विश्वास व समरसता को कायम रख रामराज्य की परिकल्पना को जीवंत रखते हुए सभी मानवजाति के लिए एक मिसाल कायम किया है. 21वीं सदी में भी सरेया के लोग रात के समय अपने घरों का दरवाजा बंद नहीं करते हैं. क्योंकि, यहां सिर्फ इंसान ही नहीं बल्कि एक मानव परिवार रहता है, जिसका परिणाम है कि अब तक किसी के घरों में चोरी की घटनाएं घटित नहीं हुई है. यहां यदि किसी भी व्यक्ति का कोई सामान बाहर भी पड़ा रहता है, तो उस पर कोई बुरी नजर नहीं डालता है. साथ ही सुख-दुख में सभी एक-दूसरे का भरपूर सहयोग करते हैं. सरेया के लगभग 70 घरों में रहने वाले किसी भी व्यक्तियों के बीच यदि किसी तरह के मनमुटाव जैसी समस्या उत्पन्न होती है, तो गांव में अवस्थित शिव मंदिर के प्रांगण में सभी एकत्रित होकर बैठक करते हैं और दोनों पक्ष के लोगों की बातों को सुनकर निष्पक्ष फैसला करते हुए वादों का पटाक्षेप कर मामले को सुलझा कर समाप्त कर देते हैं. इसका नतीजा है कि यहां के लोगों को न्याय के लिए कभी अपने गांव की डेहरी से बाहर कदम नहीं रखना पड़ता है # 2014 में डीएम ने किया था आदर्श ग्राम घोषित 2014 में जब उस समय के जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह को इस गांव की जानकारी हुई कि सरेया के एक भी व्यक्ति पर किसी तरह का कोई केस मुकदमा दर्ज नहीं है तो वे भी गांव में अवस्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और सभी ग्रामीणों से बातचीत की. उस समय गांव के बुजुर्ग लोगों ने डीएम से कहा था कि यहां एक परिवार रहता है, इससे डीएम काफी प्रभावित हुए थे और सरेया को आदर्श ग्राम घोषित कर मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण करने का आश्वासन दिया था. लेकिन, कुछ समय बाद उनका स्थानांतरण हो गया और ग्रामीणों के आदर्श ग्राम का सपना अधूरा रह गया. यहां की 80 फीसदी गलियों व 30 प्रतिशत नालियों का पक्कीकरण हो चुका है. नल जल योजना की स्थिति डंवाडोल है. यहां के बहुत कम लोग सरकारी सेवाओं में हैं. यहां के लोगों की जीविका का मुख्य आधार कृषि व पशुपालन है. क्या कहते हैं यहां के ग्रामीण – सरेया के राम अवधेश सिंह कहते हैं कि यहां एक परिवार रहता है. एक-दूसरे के बीच इतना प्रगाढ़ संबंध है कि कभी ऐसा मतभेद हुआ ही नहीं कि थाना या कचहरी जाने की नौबत आये. – ग्रामीण ढबरी सिंह यादव बताते हैं कि हम लोगों में आपसी भाईचारा, प्रेम व अटूट विश्वास है, जिसे कोई कभी तोड़ नहीं सकता. क्योंकि, यह संस्कार हम लोगों को अपने पूर्वजों से धरोहर के रूप में मिला है, जिसको संजोये रखना हम सभी का कर्तव्य है. – ग्रामीण यमुना सिंह कहते हैं कि यदि कभी किसी बात को लेकर आपस में मनमुटाव हुआ, तो सभी लोग शिव मंदिर के प्रांगण में एकत्रित होकर बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान कर लेते हैं. थाना पुलिस की कभी जरूरत नहीं पड़ी. – सविता देवी कहती हैं कि ईश्वर न करें कि हमारे गांव को किसी की बुरी नजर लगे. यहां हम लोगों का एक कुटुम्ब कबीला है, जो एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए मर मिटने को तैयार रहता है. यहां किसी व्यक्ति पर कोई केस, मुकदमा दर्ज नहीं है. – गांव की वृद्ध सोनिया देवी कहती हैं कि हम लोगों की एकता व अखंडता का परिणाम है कि आज भी रात के समय घरों का दरवाजा खुला रहता है. कभी किसी का कोई सामान चोरी नहीं हुई. सामान कहीं बाहर भी रखा रहता है, तो कोई नहीं छूता है. – भरत सिंह कहते हैं कि हमारे गांव में कभी झगड़ा-लड़ाई नहीं होता है. हम लोग आपस में इतना मिलजुल कर रहते हैं कि किसी बाहरी व्यक्ति को पता ही नहीं चलेगा कि कौन-किस घर का सदस्य है. ऐसा लगता है कि पूरा गांव एक ही पिता की संतान हैं. आज तक किसी पर कोई केस मुकदमा भी दर्ज नहीं हुआ है. # बोले थानाध्यक्ष इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने कहा कि हमको जानकारी नहीं है कि सरेया के किसी व्यक्ति पर केस है कि नहीं, देखना पड़ेगा बोले मुखिया– इस संबंध में पूछे जाने पर अमेठ पंचायत के मुखिया दिनेश प्रसाद प्रजापति ने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार यह सत्य है कि सरेया के किसी भी व्यक्ति पर कोई केस मुकदमा नहीं है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन