मोहनिया अस्पताल में एक्स-रे कक्ष पर सवाल, छेड़खानी मामले के बाद प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 28 May 2026 5:07 PM

विज्ञापन

अनुमंडलिय अस्पताल मोहनिया

Kaimur News: मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में छेड़खानी की घटना के बाद प्रशासन पर गंभीर सवाल उठे हैं. मामले के बाद अस्पताल प्रशासन ने महिला मरीजों की सुरक्षा के लिए नए निर्देश जारी करते हुए गार्ड और महिला स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है.

विज्ञापन

Kaimur News(विनोद कुमार सिंह): स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में युवती के साथ हुए छेड़खानी के बाद अब अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में आखिर किसके आदेश पर बाहरी युवक द्वारा मरीजों का एक्स-रे किया जा रहा था, जबकि जो बाहरी युवक एक्स-रे कर रहा था, वह प्रशिक्षित था या नहीं, यह भी एक बड़ा सवाल है. सभी सवालों का लोग जवाब तलाश रहे हैं. बता दें कि अस्पताल में एक्स-रे एनजीओ के माध्यम से संचालित है, जहां एनजीओ द्वारा अजय कुमार को एक्स-रे टेक्नीशियन के रूप में फिलहाल रखा गया है.

युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की घटना सामने आई थी

गौरतलब है कि बुधवार को एक्स-रे कराने आई एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की घटना सामने आई थी, जहां बाहरी युवक ही युवती का एक्स-रे कर रहा था. घटना के बाद युवती के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था. हंगामा बढ़ता देख आरोपी युवक एक्स-रे कक्ष से फरार हो गया था.

टेक्नीशियन इमरजेंसी में मरीजों का करता है इलाज

मोहनिया अस्पताल में लचर व्यवस्था हमेशा देखने को मिलती है. यह कोई पहला मामला नहीं है कि एक्स-रे कक्ष में बिना अनुमति के बाहरी युवक एक्स-रे कर रहा था. इसके साथ ही, एक्स-रे टेक्नीशियन अजय कुमार इमरजेंसी कक्ष में गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज भी करते हैं, जिसकी तस्वीर सहित खबर कई बार अखबारों में प्रकाशित हो चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. जिसका मनोबल बढ़ता गया और मनमाने तरीके से कार्य करता है, जिसमें युवक को एक्स-रे में बुलाकर रखा गया, लेकिन किसी को पता तक नहीं चला, जो जांच का विषय है. इतना ही नहीं, अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में एक बेड भी लगाया गया है. आखिर एक्स-रे कक्ष में बेड किस उद्देश्य से लगाया गया है.

महिला मरीज के साथ गार्ड और महिला स्वास्थ्य कर्मी रहेगी मौजूद

अस्पताल में युवती से छेड़खानी की घटना के बाद अब अस्पताल प्रशासन को महिला मरीजों की सुरक्षा की याद आई. जहां अस्पताल प्रशासन द्वारा अब यह निर्णय लिया गया है कि कोई भी महिला मरीज अकेले एक्स-रे कराने नहीं जाएगी. एक्स-रे के दौरान अस्पताल का एक गार्ड और एक महिला स्वास्थ्यकर्मी मरीज के साथ मौजूद रहेंगे. जिसे लेकर विभाग द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं. इससे जुड़े अस्पताल परिसर में जगह-जगह सूचना भी चिपकाई जाएगी, ताकि महिला मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. बता दें कि यदि किसी महिला के साथ कोई परिजन नहीं रहेंगे तो उसका गार्ड और महिला स्वास्थ्यकर्मी की उपस्थिति में एक्स-रे होगा.

क्या कहते हैं अस्पताल उपाधीक्षक

इस बारे में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि एक्स-रे टेक्नीशियन को चेतावनी दी गई है. किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बताया कि कोई भी महिला यदि अकेले एक्स-रे के लिए आती है तो उसके साथ एक गार्ड और महिला स्वास्थ्यकर्मी को लगाया जाएगा.

Also Read: महीनों से जलजमाव झेल रहे ग्रामीण, जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन