घर से निकले ढाई साल के बच्चे का 12 घंटे बाद मिला चमनलाल तालाब में शव
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 24 Nov 2025 4:26 PM
= मृत बच्चा जामा मस्जिद गली का था रहनेवाला, रविवार दोपहर बड़े भाई के साथ निकला था घर से
= मृत बच्चा जामा मस्जिद गली का था रहनेवाला, रविवार दोपहर बड़े भाई के साथ निकला था घर से भभुआ सदर. रविवार को दोपहर चार बजे बड़े भाई के साथ घर से निकले ढाई साल के एक बच्चे का शव सोमवार को सुबह शहर के चमनलाल तालाब से बरामद किया गया. शव बरामद होने से सनसनी मच गयी और इस दौरान चमनलाल तालाब पर सैकड़ों की संख्या में लोगोंं की भीड़ जुटी रही. चमनलाल तालाब से लगभग 12 घंटे बाद निकला शव शहर के वार्ड 22, जामा मस्जिद गली निवासी अरमान सुलेमानी उर्फ पेंटर का ढाई वर्षीय बेटा हमजा सुलेमानी बताया जाता है. हादसे के संबंध में पता चला है कि रविवार दोपहर बाद साढ़े चार बजे हमजा अपने बड़े भाई चार वर्षीय अजान सुलेमानी के साथ घर से निकला था. लेकिन वह घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित चमनलाल तालाब पर कैसे पहुंचा, घरवालों को इसकी कोई जानकारी नहीं हुई. इस बीच देर शाम तक बड़ा भाई अजान तो घर पहुंच गया, लेकिन हमजा नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढ़ने के लिए निकले तो पता चला कि बच्चा अंतिम समय चमनलाल तालाब पर दिखा था. इसके बाद डूब जाने की आशंका से देर शाम भभुआ थाने की पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से तालाब में बच्चे को ढूंढ़ने का प्रयास किया जाने लगा. तालाब में महाजाल भी लगाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी बच्चा तालाब में नहीं मिला, तो रात अधिक हो जाने से सुबह ढूंढ़ने का फैसला लिया गया. सोमवार सुबह बच्चे को ढूंढ़ना शुरू ही किया जा रहा था कि इसी बीच मृत बच्चे का शव सुबह आठ बजे चमनलाल तालाब के पानी में तैरता दिखायी दिया. इसके बाद परिजन बच्चे के शव को चमनलाल तालाब से निकालकर सदर अस्पताल लेकर आये, जहां से मृत घोषित किये जाने के बाद शव को परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराये मिट्टी मंजिल के लिए घर लेकर चले गये. = बोतल में पानी भरने के दौरान तालाब में बच्चे के गिरने की आशंका इधर, बच्चे के तालाब में डूबने से हुई मौत मामले में कुछ प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बच्चा रविवार को दोपहर बाद चार बजे के आसपास चमनलाल तालाब पर अपने बड़े भाई के साथ आया था और उसके हाथ में एक बोतल था, जिसमें वह तालाब का पानी भरने की कोशिश कर रहा था. लोगों को आशंका है कि बोतल में पानी भरने के दौरान ही बच्चा तालाब में गिर गया और किसी का ध्यान बच्चे की तरफ नहीं जाने से वह तालाब में डूब गया. पता चला है कि मृतक दो भाई व एक बहन था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










