कैमूर में सावन की पहली सोमवारी पर शिवमय हुआ चैनपुर, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर
हरसू ब्रह्म मंदिर में बाबा का दर्शन करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
सावन के पहले सोमवार पर चैनपुर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
Kaimur News : सावन की पहली सोमवारी पर चैनपुर प्रखंड पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर नजर आया. सुबह से ही क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर "हर-हर महादेव", "बोल बम" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गुंजायमान रहे. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की.
हरसू ब्रह्म मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
प्रखंड के प्रसिद्ध हरसू ब्रह्म मंदिर में उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों और आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे. मंदिर परिसर स्थित वटवृक्ष के नीचे बने शिव मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. इसके अलावा गौरी शंकर मंदिर, मलिक सराय स्थित भगवान शंकर मंदिर, अमाव गांव के महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा.
भक्ति, व्रत और मंत्रोच्चार से शिवमय रहा वातावरण
श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. मंदिरों में भक्ति गीत, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रहे विशेष इंतजाम
भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा. पूरे दिन चैनपुर क्षेत्र शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










